फरीदाबाद पुलिस ने लोगों से 31 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में दंपति को गिरफ्तार किया
फरीदाबाद पुलिस ने लोगों से 31 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में दंपति को गिरफ्तार किया
फरीदाबाद (हरियाणा), 21 मई (भाषा) फरीदाबाद पुलिस ने मुंबई से एक दंपति को विदेशी मुद्रा विनिमय कारोबार और फिल्म निर्माण में निवेश का वादा करके लोगों से लगभग 31 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, फरीदाबाद के सेक्टर-88 निवासी अमित ने शिकायत दर्ज कराई है कि हिमांशु शर्मा फरीदाबाद के एसजीएम नगर में ‘फॉरेक्स एजुकेशन इंस्टीट्यूट’ नामक एक कंपनी चलाता था और लोगों को विदेशी मुद्रा विनिमय कारोबार व फिल्मों में निवेश करने के लिए प्रोत्साहित करता था, साथ ही उन्हें तीन प्रतिशत तक मासिक लाभ का वादा करता था।
पुलिस ने बताया कि उसने अपने भाई दीवांशु शर्मा (एक फिल्म अभिनेता) के नाम का इस्तेमाल किया और उनका विश्वास जीतने के लिए फिल्मों का हवाला दिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने 2019 से निवेश के लिए अलग-अलग लोगों से करोड़ों रुपये एकत्र किए थे।
उन्होंने बताया कि शुरुआत में उन्होंने निवेशकों को मुनाफे का वादा करके लुभाया और बाद में बड़ी रकम वसूल की।
शिकायतकर्ता ने बताया, ‘‘2020 में ‘एम/एस करेंसी कंसल्टेंट प्राइवेट लिमिटेड’ नामक एक नयी कंपनी ने दिल्ली के नेहरू प्लेस में अपना कार्यालय खोला और निवेशकों से और अधिक धन एकत्र किया। कुछ समय तक मुनाफा देने के बाद मई 2023 में आरोपियों ने अपना कार्यालय और घर बंद कर दिया व अपने परिजनों के साथ फरार हो गए। इस दौरान, विभिन्न लोगों से लगभग 31 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की गई।’’
पुलिस ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद एसएमजी नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई और पुलिस ने जांच एनआईटी की आर्थिक अपराध शाखा को सौंप दी।
फरीदाबाद पुलिस के प्रवक्ता ने बताया, “जांच के दौरान ईओडब्ल्यू टीम ने 19 मई को मुंबई से आरोपी हिमांशु और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया और उन्हें दो दिन की ट्रांजिट रिमांड पर लिया गया। दंपति को आज फरीदाबाद की एक अदालत में पेश किया गया और चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। हम आरोपी दंपति से पूछताछ कर रहे हैं।”
भाषा
शुभम गोला
गोला

Facebook


