लोकसभा में एफसीआरए संशोधन विधेयक जरूर पारित होगा: जॉर्ज

लोकसभा में एफसीआरए संशोधन विधेयक जरूर पारित होगा: जॉर्ज

लोकसभा में एफसीआरए संशोधन विधेयक जरूर पारित होगा: जॉर्ज
Modified Date: April 10, 2026 / 02:47 pm IST
Published Date: April 10, 2026 2:47 pm IST

कोट्टायम (केरल), 10 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता पी. सी. जॉर्ज ने शुक्रवार को कुछ कैथोलिक बिशप की आलोचना करते हुए विश्वास जताया कि प्रस्तावित विदेशी अंशदान (विनियमन) अधिनियम (एफसीआरए) संशोधन विधेयक, लोकसभा में पारित हो जाएगा।

जॉर्ज ने जिले के ईसाई बहुल पुंजार निर्वाचन क्षेत्र से विधानसभा चुनाव लड़ा है और उनके पुत्र शोन जॉर्ज ने मध्य केरल के एक अन्य प्रमुख ईसाई बहुल क्षेत्र पाला निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा।

जॉर्ज ने आरोप लगाया कि कंजिरापल्ली के एक बिशप मार जोस पुलिकल ने नन को चुनाव में यूडीएफ (संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा) के पक्ष में मतदान करने का निर्देश दिया था।

उन्होंने कहा, ‘‘क्या यह सही है? उन्हें यह कहने का क्या अधिकार है? क्या गिरजाघर यूडीएफ का हिस्सा है?’’

उन्होंने दावा किया कि पुंजार से चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों में केवल वही ऐसे नेता हैं जिन्होंने गिरजाघर के हित में काम किया है।

उन्होंने गिरजाघर के कुछ प्राधिकारियों को ‘‘बेशर्म’’ करार दिया लेकिन यह भी स्पष्ट किया कि वह केवल कुछ बिशप की आलोचना कर रहे हैं, पूरे गिरजाघर की नहीं।

उन्होंने कहा, ‘‘उन्हें कोई जानकारी नहीं है। अगर विदेशी चंदे को लेकर कोई विधेयक लाया जा रहा है तो उससे उन्हें परेशानी क्यों होनी चाहिए?’’

जॉर्ज ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आश्वासन दिया है कि इस विधेयक से कोई दिक्कत नहीं होगी और इसमें विदेशी चंदे का विवरण केवल मंजूरी के लिए देना होगा।

उन्होंने कहा, ‘‘ऐसे आश्वासन के बाद भी वे आपत्ति क्यों जता रहे हैं? यह यूडीएफ के लिए हो रहा है। वे ओछी राजनीति कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि पाला के बिशप ने किसी भी दल के पक्ष में मतदान करने का कोई निर्देश नहीं दिया लेकिन उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ अन्य बिशप ने ऐसा किया।

उन्होंने कहा, ‘‘जो बिशप राजनीति की बात करेंगे, उन्हें हम नेता के रूप में देखेंगे। हम उनके साथ राजनीतिक तरीके से निपटेंगे।’’

जॉर्ज ने कहा कि कंजिरापल्ली के बिशप ने मठों से संपर्क किया और उन्हें यूडीएफ के पक्ष में मतदान करने का निर्देश दिया।

उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसे निर्देशों का चुनाव में उनकी जीत की संभावनाओं पर असर नहीं पड़ेगा और वह 20,000 मतों के अंतर से जीतेंगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा सभी धार्मिक समुदायों का समान रूप से सम्मान करती है।

ईसाई समुदाय के कुछ वर्गों द्वारा एफसीआरए संशोधन विधेयक को लेकर जताई गई चिंताओं पर जॉर्ज ने कहा, ‘‘उन्हें अपनी चिंताएं अपने तक ही सीमित रखने दीजिए। विधेयक पारित हो जाएगा।’’

उन्होंने सवाल किया कि गिरजाघरों को उन्हें मिलने वाले विदेशी चंदे का विवरण देने में हिचकिचाहट क्यों हो रही है। उन्होंने कहा, ‘‘अगर वे चिंतित हैं तो इसका मतलब है कि कुछ गड़बड़ है।’’

जॉर्ज ने कहा कि सरकार ने गिरजाघरों के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा की थी और उनसे विदेशी चंदे का ब्योरा देने को कहा था। उन्होंने कहा, ‘‘फिर वे हिचक क्यों रहे हैं?’’

उन्होंने यह भी सवाल किया कि जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमित शाह इस मुद्दे पर आश्वासन दे चुके हैं तो फिर चिंता की क्या बात है।

जॉर्ज ने आरोप लगाया कि कुछ बिशप कांग्रेस के साथ जुड़े हुए हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘वे पोप भी बन जाएं, तब भी कांग्रेस के साथ ही रहेंगे। सम्मानित बिशप राजनीति में दखल नहीं देते।’’

भाषा सिम्मी देवेंद्र

देवेंद्र


लेखक के बारे में