फिल्म निर्माता अनिक दत्ता की छत से गिरने के बाद मौत, पुलिस जांच में जुटी

फिल्म निर्माता अनिक दत्ता की छत से गिरने के बाद मौत, पुलिस जांच में जुटी

फिल्म निर्माता अनिक दत्ता की छत से गिरने के बाद मौत, पुलिस जांच में जुटी
Modified Date: May 27, 2026 / 10:40 pm IST
Published Date: May 27, 2026 10:40 pm IST

कोलकाता, 27 मई (भाषा) प्रख्यात बंगाली फिल्म निर्माता अनिक दत्ता की बुधवार को दक्षिण कोलकाता स्थित अपने आवास की छत से गिरने के बाद मौत हो गई। पुलिस घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

दत्ता की उम्र 65 वर्ष थी और परिवार में उनकी पत्नी और बेटी हैं।

दत्ता की मौत से राज्य के फिल्म जगत और राजनीतिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई है।

पुलिस ने बताया कि गरियाहाट थाना क्षेत्र के अंतर्गत हिंदुस्तान पार्क इलाके में स्थित अपने आवास की छत से गिरने के बाद दत्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें ढाकुरिया के पास एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने फिल्म निर्माता के निधन पर शोक व्यक्त किया।

सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में उन्होंने लिखा, ‘प्रसिद्ध फिल्म निर्माता अनिक दत्ता के असामयिक निधन से व्यथित हूं। बंगाली सिनेमा में उनका योगदान अमूल्य है। उनके परिवार और मित्रों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। मुझे विश्वास है कि कोलकाता पुलिस उनकी अचानक मृत्यु के रहस्यमय कारणों की जांच करेगी।’’

सूत्रों के अनुसार, जांचकर्ताओं ने दत्ता के आवास से एक हस्तलिखित नोट बरामद किया, जिसमें कथित तौर पर लिखा था: ‘‘इसके लिए कोई भी जिम्मेदार नहीं है’’।

सूत्रों ने बताया कि हालांकि, पुलिस ने नोट की सामग्री पर आधिकारिक तौर पर कोई टिप्पणी नहीं की है और कहा है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

सूत्रों ने बताया कि जांचकर्ताओं ने नोट को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा है ताकि इसकी प्रामाणिकता का पता लगाया जा सके और यह निर्धारित किया जा सके कि लिखावट फिल्म निर्माता की लिखावट से मेल खाती है या नहीं।

नोट की बरामदगी के बाद जांचकर्ताओं ने मौत से जुड़े कई पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

फिल्म उद्योग के सूत्रों के अनुसार, दत्ता कुछ समय से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे और कथित तौर पर कई बीमारियों से पीड़ित थे।

परिवार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

भाषा

शुभम शफीक

शफीक


लेखक के बारे में