अहमदाबाद में होर्डिंग पर प्रधानमंत्री को निशाना बनाने वाले नारे वाले स्टिकर चिपके मिले, प्राथमिकी दर्ज
अहमदाबाद में होर्डिंग पर प्रधानमंत्री को निशाना बनाने वाले नारे वाले स्टिकर चिपके मिले, प्राथमिकी दर्ज
अहमदाबाद, 10 अगस्त (भाषा) अहमदाबाद में एक सरकारी होर्डिंग पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को निशाना बनाने वाले विवादास्पद नारे वाले स्टिकर चिपके पाए गए। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने पांच अगस्त को नवरंगपुरा इलाके में सरकारी होर्डिंग पर विवादास्पद स्टिकर चिपकाने के आरोप में अज्ञात लोगों के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस ने बाद में स्टिकर हटा दिए। शिकायत के अनुसार, ये स्टिकर रेलवे क्रॉसिंग के पास प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना को उल्लेखित करने वाले सरकारी विज्ञापन पोस्टर पर चिपकाए गए थे, जिस पर प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर थी।
इन स्टिकरों पर नयी दिल्ली के जंतर-मंतर पर हाल में नीट प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ छात्रों के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन और उसमें ‘जेन-जी’ की भागीदारी को लेकर प्रधानमंत्री के खिलाफ नारे लिखे थे।
प्राथमिकी में कहा गया है कि अहमदाबाद नगर निगम (एएमसी) की निविदा प्रक्रिया के तहत एक निजी कंपनी ने होर्डिंग को लीज पर लिया था और यह सरकारी संपत्ति थी।
होर्डिंग का प्रबंधन करने वाली कंपनी के प्रबंधक ने शिकायत में कहा कि पांच अगस्त की शाम अज्ञात लोगों ने विवादास्पद स्टिकर चिपकाकर होर्डिंग के ढांचे, रोशनी और मूल पोस्टर को नुकसान पहुंचाया। शिकायत के अनुसार, नुकसान की कुल कीमत 26,500 रुपये आंकी गई है।
नवरंगपुरा थाने में रविवार शाम भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 324(4), जो संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाली शरारत से संबंधित है और सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम, 1984 की धारा तीन के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
नवरंगपुरा थाने के निरीक्षक एन.ए. देसाई ने कहा, ‘‘ऐसे पोस्टर चिपकाने के मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।’’
उन्होंने बताया कि विवादास्पद स्टिकर हटा दिए गए हैं।
निरीक्षक ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और स्टिकर चिपकाने तथा होर्डिंग को नुकसान पहुंचाने वालों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
भाषा अमित
अमित

Facebook


