कोचिंग सेंटर में डूबने से छात्रों की मौत के मामले में पांच आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया
कोचिंग सेंटर में डूबने से छात्रों की मौत के मामले में पांच आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया
नयी दिल्ली, 29 जुलाई (भाषा) दिल्ली के राजेंद्र नगर में एक कोचिंग सेंटर में पानी भरने के बाद सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे तीन छात्रों की मौत के मामले में सोमवार को गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों को एक अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
कोचिंग सेंटर के चार सह-मालिकों समेत पांचों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जिसने उन्हें 12 अगस्त तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
गिरफ्तार किए गए पांच लोगों में बारिश के पानी से भरी सड़क से गुजरने वाला स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) का चालक भी शामिल है। आरोप है कि वाहन के वहां से गुजरने के कारण पानी का स्तर बढ़ गया और वह (पानी) तीन मंजिला इमारत के गेट को तोड़कर बेसमेंट में घुस गया।
वाहन चालक के वकील ने अदालत में कहा कि उनके मुवक्किल का किसी की जान लेने का इरादा नहीं था।
वकील ने वाहन चालक को जमानत देने का अनुरोध किया, हालांकि अदालत ने उसकी याचिका खारिज कर दी।
भाषा
जोहेब दिलीप
दिलीप

Facebook


