नाबालिग लड़की का अंडाणु निकलवाने के आरोप में पांच लोग हिरासत में
नाबालिग लड़की का अंडाणु निकलवाने के आरोप में पांच लोग हिरासत में
प्रयागराज(उप्र), छह फरवरी (भाषा) जिले के गंगा नगर अंतर्गत फाफामऊ थाना की पुलिस ने एक महिला और कई अन्य लोगों को एक नाबालिग लड़की का अपहरण कर उसका अंडाणु निकलवाने के आरोप में हिरासत में लिया है।
पुलिस उपायुक्त (गंगा नगर) कुलदीप गुनावत ने बताया कि थाना फाफामऊ में अनिता गौतम नाम की एक महिला ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि करेली निवासी पलक हेला और उसकी मां रिंकी ने उनकी नाबालिग बेटी का अपहरण किया और उसे बहला फुसलाकर एक आईवीएफ सेंटर में उसका अंडाणु निकलवाया।
उन्होंने बताया कि इस तहरीर के आधार पर शुक्रवार को फाफामऊ थाना में सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। जांच के दौरान यह तथ्य प्रकाश में आया कि पीड़िता की मां द्वारा उसे तीन फरवरी को ‘वन स्टॉप सेंटर’ में दाखिल कराया गया था जहां बाल कल्याण समिति के समक्ष लड़की ने दिए बयान में पलक के साथ आईवीएफ सेंटर जाकर अंडाणु निकाले जाने की बात स्वीकार की।
गुनावत ने बताया कि जांच में यह जानकारी भी प्राप्त हुई कि पीड़िता को पलक और उसकी मां रिंकी द्वारा पैसे का प्रलोभन देकर उसे अंडाणु दानकर्ता बनने के लिए तैयार किया गया। इस मामले में सीमा भारतीय और उसके बेटे हिमांशु भारतीय की भूमिका सामने आई है।
उन्होंने बताया कि सीमा ने अपने बेटे से पीड़िता का फर्जी आधार कार्ड तैयार कराया जिसमें उसे बालिग और विवाहित दर्शाया गया।
उन्होंने बताया कि सीमा ने पीड़िता को फर्जी आधार कार्ड के साथ आईवीएफ सेंटर की पंजीकृत एजेंट कल्पना भारतीय से मिलवाया जिसने नाबालिग पीड़िता का फर्जी सहमति पत्र तैयार कराया और 20 जनवरी को आईवीएफ सेंटर पर उसका अंडाणु निकलवाया।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि इन तथ्यों के आधार पर पुलिस ने पलक, रिंकी, सीमा, हिमांशु और कल्पना को फर्जी दस्तावेज तैयार करने और नाबालिग को फर्जी तौर पर बालिग दर्शाते हुए उसका अंडाणु निकालवाने के आरोपों में हिरासत में लिया है और इनसे गहनता से पूछताछ की जा रही है।
उन्होंने बताया कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही के बाद जेल भेजा जाएगा।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि साक्ष्य के क्रम में गुण दोष के आधार पर विवेचना और विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
भाषा राजेंद्र
धीरज
धीरज

Facebook


