केरल में युवती की हत्या की साजिश रचने के आरोप में पांच लोग गिरफ्तार

केरल में युवती की हत्या की साजिश रचने के आरोप में पांच लोग गिरफ्तार

केरल में युवती की हत्या की साजिश रचने के आरोप में पांच लोग गिरफ्तार
Modified Date: August 6, 2026 / 03:30 pm IST
Published Date: August 6, 2026 3:30 pm IST

त्रिशूर (केरल), छह अगस्त (भाषा) केरल के त्रिशूर में महिलाओं का वेश धारण कर छात्रावास में घुसने और वहां रहने वाली एक युवती की हत्या की साजिश रचने के आरोप में गुरुवायुर मंदिर के पास से पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने दावा किया कि स्पा में काम करने वाली युवती का इनमें से एक आरोपी के साथ प्रेम संबंध था।

उसने कहा कि युवती द्वारा आरोपी से संबंध तोड़ लेने के बाद उसने उसकी हत्या की साजिश रची।

प्राथमिकी के अनुसार, पांचों आरोपियों को मंगलवार को गुरुवायुर मंदिर के पास एक कार में उस समय पकड़ा गया, जब वे स्कूली बच्चों को मादक पदार्थ बेचने के लिए उसमें बैठे थे।

पुलिस ने बताया कि उनके पास से कथित रूप से करीब 15 ग्राम गांजा बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, पांचों के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं और वे स्पा कर्मचारी की हत्या की योजना बना रहे थे।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘पूछताछ के दौरान उन्होंने बताया कि वे महिलाओं का वेश धारण कर महिला छात्रावास में घुसने और युवती की हत्या करने की योजना बना रहे थे।’’

पुलिस ने बताया कि पांचों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, किशोर न्याय अधिनियम तथा स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।

सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

भाषा सिम्मी नरेश

नरेश


लेखक के बारे में