भुवनेश्वर, छह मार्च (भाषा) ओडिशा के तीन जिलों में शुक्रवार को सड़क हादसों में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
नयागढ़ और पुरी जिलों में मोटरसाइकिल दुर्घटनाओं में दो-दो लोगों की मौत हो गई। वहीं एक ट्रक घर के अंदर घुस जाने के कारण वहां सो रहे एक व्यक्ति की जान चली गई।
पुलिस ने बताया कि नयागढ़ जिले के भापुर से मिली रिपोर्ट के अनुसार, एक मोटरसाइकिल के सड़क किनारे पेड़ से टकरा जाने से दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान भापुर ब्लॉक के कालातांगी गांव के बीर किशोर धाल और शंकर बिस्वाल के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि पीड़ित मरदराजपुर गांव से कालातांगी गांव जा रहे थे। घटना के बाद स्थानीय लोग दोनों को खंडपाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एक अन्य दुर्घटना में, शुक्रवार सुबह भुवनेश्वर-पुरी राष्ट्रीय राजमार्ग पर दंडमुकुंदपुर बाईपास पर एक ट्रक की टक्कर से दो मोटरसाइकिल सवारों की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि पीड़ितों की पहचान नहीं हो पाई है।
ढेंकानाल की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि जिले के गांडिया थाना क्षेत्र के हाथीबारी गांव में एक ट्रक के घर में घुस जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि ट्रक पहले एक ट्रैक्टर से टकराया, जिसके बाद चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और वह सड़क किनारे स्थित घर में घुस गया। पुलिस ने बताया कि घर में सो रहे अस्तिर तराई नामक व्यक्ति की मौत हो गई।
भाषा
प्रचेता वैभव
वैभव