झारखंड में पांच संदिग्ध मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार

झारखंड में पांच संदिग्ध मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार

झारखंड में पांच संदिग्ध मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार
Modified Date: July 11, 2026 / 10:35 pm IST
Published Date: July 11, 2026 10:35 pm IST

पलामू, 11 जुलाई (भाषा) झारखंड के पलामू जिले में छापेमारी में हरियाणा के एक व्यक्ति समेत पांच संदिग्ध मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) कपिल चौधरी ने पत्रकारों को बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत ये छापेमारी की गई।

उन्होंने कहा, ‘मेदिनीनगर सदर और पांकी थाना क्षेत्रों में छापेमारी की गई, जिसमें 724 ग्राम अफीम, करीब 50 किलोग्राम डोडा पोस्त, 15,450 रुपये की नकदी, एक कार, एक मोटरसाइकिल और अन्य आपत्तिजनक सामग्रियां जब्त की गईं।’

पुलिस ने पांकी थाना क्षेत्र से हरियाणा के सिरसा जिले के रोरी गांव के रहने वाले परगट सिंह और इसी जिले के तरहसी निवासी आसिन आलम को गिरफ्तार किया।

वहीं, मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र में की गई एक अन्य छापेमारी में पुलिस ने आदित्य कुमार, नीतीश कुमार और रौशन कुमार को गिरफ्तार किया, जो सभी स्थानीय निवासी हैं।

एसपी ने बताया कि सभी पांचों आरोपियों को शनिवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

भाषा सुमित देवेंद्र

देवेंद्र


लेखक के बारे में