पूर्व पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा दिल्ली होम गार्ड्स के महानिदेशक का पद संभालेंगे

पूर्व पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा दिल्ली होम गार्ड्स के महानिदेशक का पद संभालेंगे

पूर्व पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा दिल्ली होम गार्ड्स के महानिदेशक का पद संभालेंगे
Modified Date: August 25, 2026 / 07:41 pm IST
Published Date: August 25, 2026 7:41 pm IST

नयी दिल्ली, 25 अगस्त (भाषा) भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी और पिछले महीने तक दिल्ली पुलिस आयुक्त रहे सतीश गोलछा एक अक्टूबर को दिल्ली होम गार्ड्स के महानिदेशक का पद संभालेंगे। दिल्ली सरकार की ओर से मंगलवार को जारी आदेश में यह जानकारी दी गई।

एजीएमयूटी कैडर के 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी गोलछा को दिल्ली होम गार्ड्स निदेशालय में विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) के पद पर तैनात किया गया था। वह 30 सितंबर को मौजूदा महानिदेशक वीरेंद्र सिंह के सेवानिवृत्त होने तक इस पद पर रहेंगे। वीरेंद्र सिंह 1991 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं।

दिल्ली सरकार के गृह विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि गोलछा 1 अक्टूबर से होम गार्ड्स के महानिदेशक का पद संभालेंगे।

गोलछा के होम गार्ड्स के महानिदेशक का पद संभालने तक दिल्ली पुलिस में उनका पद बरकरार रहेगा।

गोलछा ने 22 अगस्त 2025 को संजय अरोड़ा की जगह दिल्ली पुलिस आयुक्त का पद संभाला था। इस साल 17 जुलाई को 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी अनुराग कुमार ने गोलछा की जगह दिल्ली पुलिस आयुक्त का पद संभाला।

दिल्ली पुलिस आयुक्त बनने से पहले गोलछा तिहाड़ जेल के महानिदेशक थे। अपने करियर के दौरान उन्होंने दिल्ली पुलिस में कई महत्वपूर्ण पदों पर भी काम किया है।

यह नया आदेश होम गार्ड्स निदेशालय के प्रमुख वीरेंद्र सिंह के सेवानिवृत्त होने से पहले जारी किया गया है।

होम गार्ड्स संगठन कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात प्रबंधन तथा आपात स्थिति व आपदाओं के दौरान नागरिक प्रशासन और पुलिस की सहायता करता है।

भाषा जोहेब नरेश

नरेश


लेखक के बारे में