जयपुर में महिला से छेड़छाड़ के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार
जयपुर में महिला से छेड़छाड़ के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार
जयपुर, 12 अप्रैल (भाषा) जयपुर में एक महिला से छेड़छाड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान टोंक के निवासियों मनराज मीणा (24), सुधामा मीणा (24), महेश बंजारा (19) और दौसा के रहने वाले लोकेश बंजारा (21) के रूप में हुई है।
दक्षिण क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त राजर्षि राज वर्मा ने रविवार को बताया कि 10 अप्रैल को वीडियो वायरल होने के बाद राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो और साइबर टीम की मदद से आरोपियों की पहचान की गई।
उन्होंने बताया कि घटना मुहाना थाना क्षेत्र की है।
अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने सूरजमल सर्किल से नयी सांगानेर रोड तक महिला का पीछा किया और कथित तौर पर उसे अनुचित तरीके से छूते हुए उसकी शर्ट खींचने की कोशिश की।
उन्होंने बताया कि भारतीय न्याय संहिता और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित कुमार शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त (मानसरोवर) आदित्य काकड़े की देखरेख में विशेष टीम बनाई गई।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने क्षेत्र और संभावित मार्गों पर लगे 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
उन्होंने कहा कि आरोपियों की पहचान उनके हुलिए के आधार पर की गई, जो गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपनी पहचान और रूप बदल रहे थे।
भाषा बाकोलिया
जोहेब
जोहेब

Facebook


