कोलकाता के पास सरकारी अस्पताल में चिकित्सकों और नर्सों पर हमले के सिलसिले में चार लोग गिरफ्तार

कोलकाता के पास सरकारी अस्पताल में चिकित्सकों और नर्सों पर हमले के सिलसिले में चार लोग गिरफ्तार

कोलकाता के पास सरकारी अस्पताल में चिकित्सकों और नर्सों पर हमले के सिलसिले में चार लोग गिरफ्तार
Modified Date: September 28, 2024 / 08:38 pm IST
Published Date: September 28, 2024 8:38 pm IST

कोलकाता, 28 सितंबर (भाषा) इलाज के दौरान एक मरीज की मौत के बाद कोलकाता के पास कॉलेज ऑफ मेडिसिन और सागर दत्ता अस्पताल में चिकित्सकों और नर्सों पर हुए हमले के सिलसिले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किये गये लोग 30 वर्षीय महिला मरीज के परिवार के सदस्य हैं, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गयी थी।

बैरकपुर के पुलिस आयुक्त आलोक राजोरिया ने कहा, “शुक्रवार शाम को कॉलेज ऑफ मेडिसिन और सागर दत्ता अस्पताल में चिकित्सकों और नर्सों पर हमला करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हमें अस्पताल के अधिकारियों से शिकायतें मिली हैं। अस्पताल से सीसीटीवी फुटेज को सबूत के तौर पर जब्त कर लिया गया है।”

आरोपियों को बाद में बैरकपुर की एक अदालत में पेश किया गया।

स्वास्थ्य सचिव एन.एस. निगम ने स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारियों के साथ दिन में अस्पताल का दौरा किया और राजोरिया और अस्पताल के अन्य अधिकारियों के साथ-साथ जूनियर डॉक्टरों के साथ बैठक की, जिन्होंने घटना के बाद काम बंद कर दिया था।

निगम ने कहा, “हमने चिकित्सकों और नर्सों की बात सुनी है। दोषियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आज से अतिरिक्त सीसीटीवी लगाए जा रहे हैं। हम सभी तरह के एहतियाती कदम उठाएंगे।”

उत्तर 24 परगना जिले के कमरहाटी स्थित अस्पताल में हुए हमले में तीन जूनियर डॉक्टर, तीन नर्स और स्वास्थ्यकर्मी घायल हो गए।

अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद अस्पताल में त्वरित कार्रवाई बल (आरएएफ) सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया।

भाषा प्रशांत दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में