द्वारका के पंप पर सीएनजी सिलेंडर में विस्फोट से चार लोग घायल
द्वारका के पंप पर सीएनजी सिलेंडर में विस्फोट से चार लोग घायल
नयी दिल्ली, दो अप्रैल (भाषा) दिल्ली में द्वारका के नजफगढ़-मित्राऊं रोड पर एक सीएनजी पंप पर ट्रक के सीएनजी सिलेंडर में गैस भरते समय बृहस्पतिवार को विस्फोट होने से चार लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, विस्फोट की सूचना राव तुला राम मेमोरियल (आरटीआरएम) अस्पताल से मिली, जहां घायलों का इलाज किया जा रहा है।
एक पंप कर्मचारी ट्रक में संपीड़ित प्राकृतिक गैस (सीएनजी) भर रहा था तभी उसके एक सिलेंडर में विस्फोट हो गया, जिससे मौके पर मौजूद चार लोग घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि घायलों में से तीन की पहचान दीपक (34), विकास कुमार (26) और नीरज (40) के रूप में हुई है। ये सभी पंप कर्मी हैं।
इसने बताया कि चौथे व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसकी पहचान अब तक नहीं हो पाई है।
विस्फोट के सटीक कारण का पता लगाने के लिए फोरेंसिक और अपराध शाखा की टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है।
पुलिस ने बताया कि जांच में सहयोग के लिए तकनीकी विशेषज्ञ और गैस एजेंसी के प्रतिनिधि भी घटनास्थल पर मौजूद हैं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘प्रारंभिक जांच से पता चला है कि विस्फोट गैस भरने के दौरान हुआ, हालांकि सटीक कारण का अभी पता लगाया जाना बाकी है।’
अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या सिलेंडर में कोई तकनीकी खराबी थी या ‘फिलिंग स्टेशन’ पर सुरक्षा प्रोटोकॉल में कोई चूक हुई।
भाषा नोमान नोमान देवेंद्र
देवेंद्र

Facebook


