हिमाचल के चंबा में खाई में वाहन गिरने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत

Ads

हिमाचल के चंबा में खाई में वाहन गिरने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत

  •  
  • Publish Date - July 28, 2026 / 12:57 PM IST,
    Updated On - July 28, 2026 / 12:57 PM IST

शिमला, 28 जुलाई (भाषा) हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में सोमवार देर रात भरमौर-पठानकोट राज्य राजमार्ग पर लाहड़ के पास एक वाहन के गहरी खाई में गिर जाने से परिवार के चार सदस्यों सहित पांच लोगों की मौत हो गई।

यह हादसा उस समय हुआ जब परिवार अपने तीन माह के बीमार बच्चे के इलाज के लिए पठानकोट जा रहा था।

अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान बीमार बच्चे, उसके दादा वचन सिंह (60), उसके पिता रिपुन सिंह (30) व माता रिंपी देवी के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि पांचवें व्यक्ति की पहचान कीर्ति (23) के रूप में हुई है। ये सभी चंबा के गेहरा गांव के निवासी थे।

पुलिस के अनुसार, हादसे के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है। शुरुआती सूचना से संकेत मिलता है कि चालक के वाहन से नियंत्रण खो देने के कारण कार 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया, ‘‘शवों को खाई से निकालकर डलहौजी अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है। हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।’’

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गए। दुर्गम इलाके और रात का समय होने के कारण बचावकर्मियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

इस राहत और बचाव कार्य में स्थानीय ग्रामीणों ने भी पुलिस और बचाव दलों की मदद की।

भाषा खारी रंजन

रंजन