गुरुग्राम में कहासुनी के बाद चार युवकों ने ऑटो चालक को पीटा

गुरुग्राम में कहासुनी के बाद चार युवकों ने ऑटो चालक को पीटा

गुरुग्राम में कहासुनी के बाद चार युवकों ने ऑटो चालक को पीटा
Modified Date: August 12, 2026 / 11:00 pm IST
Published Date: August 12, 2026 11:00 pm IST

गुरुग्राम, 12 अगस्त (भाषा) गुरुग्राम के सेक्टर-53 क्षेत्र में बाइक सवार चार युवकों ने मामूली कहासुनी के बाद एक ऑटो चालक की कथित रूप से लात-घूंसों और डंडों से पिटाई कर दी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि चोटिल चालक रवि कुमार को एक सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

बिहार के मोतिहारी निवासी रवि कुमार ने बताया कि यह घटना नौ अगस्त को उस समय हुई, जब वह अपने ऑटो में एक यात्री को सेक्टर-57 से मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन लेकर जा रहा था।

उसने आरोप लगाया कि वजीराबाद ‘ट्रैफिक सिग्नल’ के पास बाइक सवार कुछ युवकों ने उसका ऑटो रोक लिया और उसके साथ गाली-गलौज की और वाहन चलाने को लेकर उसे अपशब्द कहे। उसने बताया कि उसके माफी मांगने के बावजूद विवाद बढ़ गया।

शिकायत के अनुसार, कुछ दूरी आगे देवीलाल पार्क के पास दूसरी बाइक पर सवार दो और युवक भी वहां पहुंच गए। शिकायत के अनुसार, इसके बाद चारों युवकों ने ऑटो रुकवाकर चालक की लात-घूंसों से पिटाई कर दी। आरोप है कि एक युवक ने बांस के डंडे से भी हमला किया, जिससे रवि कुमार घायल हो गया। शिकायत के अनुसार इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की शिकायत मिलने पर सेक्टर-53 थाना पुलिस ने एक मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने बताया कि फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करके उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

भाषा आनन्द अमित

अमित


लेखक के बारे में