आम बजट देश के गरीब व मध्यम वर्ग की उम्मीदों को पूरा करने वाला : गुजरात के मुख्यमंत्री
आम बजट देश के गरीब व मध्यम वर्ग की उम्मीदों को पूरा करने वाला : गुजरात के मुख्यमंत्री
अहमदाबाद, एक फरवरी (भाषा) गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने बुधवार को कहा कि केंद्रीय बजट देश के गरीबों, वंचितों एवं मध्यम वर्ग को विकास के नए अवसर देकर उनकी उम्मीदों और आकांक्षाओं को पूरा करने वाला है।
उन्होंने कहा कि बजट अमृत काल में भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण का प्रतीक है। केंद्र सरकार ने स्वतंत्रता के 100 साल पूरा होने तक 25 साल की अवधि को अमृत काल की संज्ञा दी है।
पटेल ने ट्वीट कर कहा कि समावेशी विकास, बुनियादी ढांचा और निवेश, हरित विकास, युवा शक्ति, वित्तीय क्षेत्र सहित सात पहलुओं – ‘सप्तऋषि’ – को प्राथमिकता देने वाला यह बजट भारत में विकास को नयी ऊंचाइयों पर ले जाएगा।
उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘देश के गरीब, वंचित, मध्यम वर्ग को विकास के नवीन अवसर देकर उनकी आशाओं और आकांक्षाओं को पूरा करते हुए भारत को अमृत काल में विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री के सपने को मूर्त रूप देने वाला बजट पेश करने के लिए केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण जी को बधाई।’’
भाषा अविनाश माधव
माधव

Facebook


