शिलांग, 27 फरवरी (भाषा) मेघालय सरकार ने यहां के एक सैन्य प्रशिक्षण केंद्र में मेनिंगोकोकल संक्रमण के संदिग्ध मामले सामने आने के बाद चेतावनी जारी की है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह चेतावनी दो अग्निवीर प्रशिक्षुओं की संदिग्ध मेनिंगोकोकल संक्रमण से हुई मौत के बाद जारी की गई है।
अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों में संक्रमण को नष्ट करने के लिए दवाओं के छिड़काव के साथ-साथ संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की पहचान कर उन्हें पृथक-वास में रखा गया है।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने उन संस्थानों और समुदायों में निगरानी बढ़ा दी है, जहां संक्रमण फैलने का खतरा अधिक हो सकता है। हालांकि, उन्होंने कहा कि इस समय घबराने की जरूरत नहीं है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने बृहस्पतिवार को एक आधिकारिक बयान में कहा कि राज्य निगरानी इकाई को संदिग्ध मामलों की सूचना दे दी गई है और पड़ताल शुरू कर दी गई है।
आयुक्त एवं सचिव डॉ. जोरम बेडा द्वारा जारी परामर्श में कहा गया कि पूर्वी खासी हिल्स की जिला निगरानी इकाई ने राज्य निगरानी इकाई के सहयोग से सक्रिय जांच शुरू कर दी है।
राज्य निगरानी इकाई ने जनता को आश्वस्त किया कि स्थिति पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और फिलहाल यह नियंत्रण में है। अभी तक किसी अन्य क्षेत्र में कोई नया संदिग्ध मामला सामने नहीं आया है।
विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि बीमार होने या भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनें, खांसते या छींकते समय मुंह और नाक ढकें, भीड़भाड़ वाली जगहों से बचें और साबुन और पानी या सैनिटाइजर से नियमित रूप से हाथ साफ करें। नागरिकों से अपने रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने के लिए संतुलित और पौष्टिक आहार लेने का भी आग्रह किया गया।
भाषा खारी रंजन
रंजन