एलपीजी संकट से निपटने के लिए सरकार तत्काल सर्वदलीय बैठक बुलाए: सुप्रिया सुले
एलपीजी संकट से निपटने के लिए सरकार तत्काल सर्वदलीय बैठक बुलाए: सुप्रिया सुले
नयी दिल्ली, 12 मार्च (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले ने देश में ‘‘एलपीजी संकट’’ से निपटने और ऐसे अन्य मुद्दों पर चर्चा के लिए बृहस्पतिवार को सरकार से तत्काल सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की।
वर्ष 2025-26 के लिए अनुदान की अनुपूरक मांग के दूसरे बैच पर, लोकसभा में चर्चा में हिस्सा लेते हुए सुले ने कहा कि अनुपूरक मांग सभी सरकारें लाती हैं और यह अनिवार्य प्रक्रिया का हिस्सा है, लेकिन इस समय देश के समक्ष मौजूद ‘‘एलपीजी संकट’’ से निपटने पर प्राथमिकता से विचार करने की जरूरत है।
उन्होंने कहा, ‘‘यह वैश्विक संकट का समय है। पहलगाम हमले के बाद जिस तरह विपक्ष सरकार के साथ खड़ा हुआ था, उसी तरह व्यापक हित में सभी को मिलकर काम करना होगा। सरकार को इस मुद्दे पर चर्चा के लिए तत्काल सर्वदलीय बैठक बुलानी चाहिए।’’
सुले ने कहा कि दुनिया के कई देश खाड़ी क्षेत्र में युद्ध की वजह से संकट (तेल और गैस की कमी) का सामना कर रहे हैं और भारत में भी अगले कुछ दिन में इसके दुष्प्रभाव बढ़ने की आशंका है।
उन्होंने कहा कि रसोई गैस सिलेंडर की कमी सामने आ रही है और मंदिरों में प्रसाद बनना बंद हो गया है, एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम) क्षेत्र प्रभावित हो रहा है।
सुले ने कहा कि लोग इस बात को लेकर आशंकित हैं कि अगले कुछ दिन में उन्हें खाना पकाने के लिए एलपीजी सिलेंडर मिल पाएगा भी या नहीं।
उन्होंने कहा, ‘‘हमें राजनीतिक मतभेद दूर कर मिलकर काम करना चाहिए और सरकार को तत्काल सर्वदलीय बैठक बुलानी चाहिए।’’
भाषा वैभव सुभाष
सुभाष

Facebook


