सभी दलों के विधायकों को साथ लेकर काम कर रही सरकार: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री

सभी दलों के विधायकों को साथ लेकर काम कर रही सरकार: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री

सभी दलों के विधायकों को साथ लेकर काम कर रही सरकार: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री
Modified Date: July 3, 2026 / 06:24 pm IST
Published Date: July 3, 2026 6:24 pm IST

(फोटो सहित)

कोलकाता, तीन जुलाई (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार नेता प्रतिपक्ष सहित सभी विधायकों को साथ लेकर प्रशासन में बदलाव लाने और लोगों के कल्याण के लिए काम करने की कोशिश कर रही है।

पश्चिम बंगाल विधानसभा के नवनिवाचित सदस्यों के लिए आयोजित प्रबोधन कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए अधिकारी ने कहा कि पहले प्रशासन के अलावा विधानसभा भी सत्तारूढ़ पार्टी के दफ्तर से मिलने वाले निर्देशों के अनुसार काम करती थी।

उन्होंने कहा, ‘‘पहले सांसदों या विधायकों का कोई सम्मान नहीं होता था। प्रखंड विकास अधिकारी (बीडीओ) और जिलाधिकारी उन्हें कार्यक्रमों में बुलाते तक नहीं थे। मुझे भी प्रशासनिक बैठकों के लिए कोई निमंत्रण नहीं भेजा जाता था। मुझे विधानसभा से पांच बार निलंबित किया गया। विधानसभा के सभी महत्वपूर्ण सत्र में मुझे निलंबित कर दिया गया था।’’

अधिकारी ने ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार का नाम लिए बिना कहा कि प्रशासन के अलावा, विधानसभा भी सत्तारूढ़ पार्टी के दफ़्तर से मिलने वाले निर्देशों के आधार पर काम करती थी।

शुभेंदु अधिकारी 2021 से 2026 तक पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह प्रशासन के सभी क्षेत्रों में बदलाव लाने की कोशिश कर रहे हैं और साथ ही सांसदों और विधायकों को ज़्यादा जिम्मेदारियां भी सौंप रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अब सभी विधायक और सांसद, चाहे वे किसी भी दल से हों, प्रशासन की ओर से आयोजित सभी कार्यक्रमों और बैठकों के लिए आमंत्रण प्राप्त करेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘मैं दलगत भेदभाव से ऊपर उठकर सभी विधायकों को साथ लेकर चल रहा हूं। हम नेता प्रतिपक्ष के साथ भी मिलकर काम कर रहे हैं।’’

भाषा आशीष दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में