गुजरात: भूपेंद्र पटेल ने राज्यव्यापी ‘नमो स्वच्छता अभियान’ की शुरुआत की
गुजरात: भूपेंद्र पटेल ने राज्यव्यापी 'नमो स्वच्छता अभियान' की शुरुआत की
गांधीनगर, एक जुलाई (भाषा) गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने बुधवार को स्वच्छता और शिशुओं के शुरुआती पोषण के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के उद्देश्य से ‘नमो स्वच्छता अभियान’ और ‘अमृतपान अभियान’ की शुरुआत की।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, पटेल ने नागरिकों से स्वच्छता को साझा संकल्प और स्वाभाविक आदत बनाने का आह्वान किया। पटेल ने कहा कि ‘नमो स्वच्छता अभियान’ के तहत एक जुलाई से सात जुलाई तक राज्य के सभी अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में अनुपयोगी फर्नीचर, पुराने चिकित्सा उपकरण और अनावश्यक दस्तावेज हटाए जाएंगे तथा परिसरों की व्यापक सफाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि ‘अमृतपान अभियान’ सामुदायिक स्तर पर संचालित एक स्वास्थ्य पहल है, जिसका उद्देश्य शिशुओं के शुरुआती पोषण, मातृ स्वास्थ्य और स्तनपान संबंधी सहयोग को बढ़ावा देना है।
मुख्यमंत्री ने गांधीनगर स्थित जीएमईआरएस मेडिकल कॉलेज में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता प्रत्येक व्यक्ति के चरित्र और दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बननी चाहिए। उन्होंने ‘‘पहला सुख निरोगी काया’’ और ‘‘इलाज से बेहतर बचाव’’ के सिद्धांतों को अपनाने पर बल दिया।
पटेल ने कहा कि स्वच्छता और स्वास्थ्य का गहरा संबंध है तथा लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फैलाने और उन्हें स्वच्छ रखने की सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का आग्रह किया।
विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत मिशन, हर घर जल, उज्ज्वला योजना और आयुष्मान भारत जैसी पहलों ने जनस्वास्थ्य, जीवन की गुणवत्ता, स्वच्छता और साफ-सफाई में उल्लेखनीय सुधार किया है।’’
उन्होंने कहा कि सरकार समाज के दूरदराज के क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। पटेल ने कहा कि ‘अमृतपान अभियान’ माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने जन्म के समय से ही नवजात शिशुओं के संरक्षण और उचित पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा, ‘‘स्वस्थ बच्चा ही स्वस्थ समाज और विकसित राष्ट्र की नींव है।’’
मुख्यमंत्री ने अस्पतालों में संक्रमण की घटनाएं कम करने की आवश्यकता पर बल देते हुए संक्रमण नियंत्रण उपायों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों और नागरिकों से मिलकर स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित गुजरात के निर्माण में योगदान देने की अपील की।
राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर पटेल ने सभी चिकित्सकों को शुभकामनाएं दीं और स्वास्थ्य सेवाओं में उनके अमूल्य योगदान की सराहना की।
स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल्ल पानसेरिया ने कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व के प्रति एक सम्मान है। उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में यह अभियान एक उपयुक्त सम्मान है। ‘स्वच्छ मन, स्वच्छ तन, स्वच्छ स्वास्थ्य संस्थान’ के मंत्र के साथ गुजरात का स्वास्थ्य विभाग देश में अपनी अग्रणी भूमिका बनाए रखेगा।’’
विज्ञप्ति के अनुसार, इस अवसर पर मुख्यमंत्री पटेल, पानसेरिया और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने ‘अमृतपान अभियान’ की दिशानिर्देश पुस्तिका और फ्लिप चार्ट जारी किया।
मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ने इस पहल के तहत गांधीनगर सिविल अस्पताल परिसर में आयोजित स्वच्छता अभियान में भी भाग लिया।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस राज्यव्यापी अभियान के दौरान गुजरात के 11,935 सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में अस्पताल परिसरों से लेकर छतों तक सभी हिस्सों में व्यापक सफाई अभियान चलाया जाएगा।
भाषा अमित नरेश
नरेश

Facebook


