गुजरात: राजकोट में बुजुर्ग पर हमला, 2.47 करोड़ रुपये नकद लूटे

गुजरात: राजकोट में बुजुर्ग पर हमला, 2.47 करोड़ रुपये नकद लूटे

गुजरात: राजकोट में बुजुर्ग पर हमला, 2.47 करोड़ रुपये नकद लूटे
Modified Date: June 20, 2026 / 07:47 pm IST
Published Date: June 20, 2026 7:47 pm IST

राजकोट, 20 जून (भाषा) गुजरात के राजकोट जिले में शुक्रवार देर रात पांच नकाबपोश बदमाशों ने 77 वर्षीय एक व्यक्ति के घर में घुसकर 2.47 करोड़ रुपये नकद, आभूषण और लाइसेंसी राइफल लूट ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि शापर इलाके स्थित घर पर करीब रात डेढ़ बजे हुई इस लूट के दौरान बुजुर्ग भी घायल हो गए।

पांच नकाबपोश बदमाश लोहे की पाइप से लैस होकर जितेंद्र सिंह जडेजा के घर में घुसे और उनकी छाती व कलाई पर वार किया।

रेंज पुलिस महानिरीक्षक निरलिप्त राय ने प्राथमिकी का हवाला देते हुए बताया कि एक आरोपी ने कपड़े का टुकड़ा बुजुर्ग के मुंह में ठूंस दिया, ताकि वह बोल न सके।

उन्होंने बताया कि लुटेरे 2.47 करोड़ रुपये नकद, दो लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और 10,000 रुपये कीमत की एक लाइसेंसी राइफल भी अपने साथ ले गए। जडेजा, सेवानिवृत्ति के बाद अपनी पत्नी के साथ शापर में रह रहे हैं।

उनका बेटा राजकोट शहर में एक पेट्रोल पंप पर प्रबंधक के रूप में कार्यरत है और वहीं रहता है।

शिकायत के अनुसार, घटना के समय जडेजा घर में अकेले थे, क्योंकि उनकी पत्नी फ्रैक्चर के इलाज के लिए राजकोट में थीं।

पुलिस ने बताया कि लुटेरे उनका मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए और उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, जडेजा बाद में किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे और अपने बेटे से संपर्क किया, जो उन्हें थाने ले गया।

राय ने बताया कि पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, फॉरेंसिक टीम, श्वान दस्ता और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ घटनास्थल पर पहुंचे तथा घर से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने लुटेरों को पकड़ने के लिए कई टीमें गठित की हैं और विभिन्न स्थानों पर नाकेबंदी भी की है।

राय ने बताया, “तकनीकी और मानवीय खुफिया जानकारी की मदद से हमें जल्द ही अपराधियों को पकड़ने की उम्मीद है।”

इस मामले में शापर-वेरावल थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

भाषा जितेंद्र दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में