एआई-171 विमान हादसे में क्षतिग्रस्त हॉस्टल का पुनर्निर्माण करेगी गुजरात सरकार

Ads

एआई-171 विमान हादसे में क्षतिग्रस्त हॉस्टल का पुनर्निर्माण करेगी गुजरात सरकार

  •  
  • Publish Date - May 27, 2026 / 12:16 AM IST,
    Updated On - May 27, 2026 / 12:16 AM IST

अहमदाबाद, 26 मई (भाषा) गुजरात सरकार ने मंगलवार को कहा कि पिछले साल एआई-171 एयर इंडिया विमान दुर्घटना में गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हुए बी जे मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल परिसर का पुनर्निर्माण किया जाएगा। हालांकि, कुछ पीड़ितों के परिवार चाहते हैं कि इस जगह को एक स्मारक के रूप में सुरक्षित रखा जाए।

स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल्ल पानशेरिया ने बताया कि सरकार इसी स्थान पर लगभग 105 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से एक नया अत्याधुनिक हॉस्टल तैयार करेगी।

एक सौ पंद्रह पीड़ितों का प्रतिनिधित्व करने वाली एक लॉ फर्म द्वारा साझा किए गए ई-मेल में परिजनों ने इस स्थान के प्रति गहरा भावनात्मक लगाव व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, ‘हमारे लिए यह जगह सिर्फ जमीन का टुकड़ा या बुनियादी ढांचा नहीं है, बल्कि यह हमारे अपनों के जीवन, यादों, दुख और कभी न पूरी होने वाली क्षति से जुड़ा स्थान है। इस स्थल पर स्मारक बनने से न केवल परिवारों को सांत्वना मिलेगी, बल्कि यह खोई हुई जानों और सार्वजनिक जवाबदेही व सुरक्षा के महत्व की एक स्थायी स्वीकारोक्ति भी होगी।’

पुनर्विकास योजना की घोषणा करते हुए मंत्री पानशेरिया ने कहा कि एयर इंडिया की मालिक टाटा समूह ने सिविल अस्पताल के पास स्थित ‘अतुल्यम’ एक से चार हॉस्टल ब्लॉक, कैंटीन और सब-स्टेशन भवन को हुए नुकसान के मुआवजे के रूप में स्वास्थ्य विभाग को 53.12 करोड़ रुपये का भुगतान करने पर सहमति जताई है।

इस परियोजना के तहत भूतल सहित नौ मंजिला ‘अतुल्यम एक से सात’ हॉस्टल परिसर बनाया जाएगा, जिसमें 236 चिकित्सकों के रहने की सुविधा होगी, जिनमें वैसे चिकित्सक भी शामिल होंगे जो अपने जीवनसाथी के साथ छात्रावास में रहना चाहते हैं।

इसमें एक कैंटीन ब्लॉक और नया सब-स्टेशन भवन भी शामिल होगा।

भाषा

सुमित सुरेश

सुरेश