गुजरात: स्थानीय निकाय चुनावों के लिए मतदान 26 अप्रैल को, मतगणना 28 अप्रैल को होगी

गुजरात: स्थानीय निकाय चुनावों के लिए मतदान 26 अप्रैल को, मतगणना 28 अप्रैल को होगी

गुजरात: स्थानीय निकाय चुनावों के लिए मतदान 26 अप्रैल को, मतगणना 28 अप्रैल को होगी
Modified Date: April 1, 2026 / 11:07 pm IST
Published Date: April 1, 2026 11:07 pm IST

गांधीनगर, एक अप्रैल (भाषा) गुजरात में 15 नगर निगम समेत स्थानीय स्वशासन निकायों की लगभग 10,000 सीट के लिए चुनाव 26 अप्रैल को होंगे। मतगणना 28 अप्रैल को होगी। राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) ने बुधवार को यह घोषणा की।

राज्य निर्वाचन आयुक्त एस. मुरली कृष्ण ने कहा कि 34 जिला पंचायतों, 260 तालुका पंचायतों और 84 नगर पालिकाओं के अलावा 15 नगर निगमों में होने वाले चुनावों में 4.18 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र होंगे।

जिन नगर निगमों में चुनाव होने जा रहे हैं, उनमें अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा, राजकोट, भावनगर और जामनगर जैसे महत्वपूर्ण शहर शामिल हैं। इनमें से नौ नगर निगम नए हैं और इनका गठन पिछले साल ही हुआ है।

गुजरात भर में कुल 9,992 सीट के लिए मतदान होगा।

कृष्ण ने संवाददाताओं को बताया कि सीट का आवंटन अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) आरक्षण के नए नियमों के अनुसार किया जाएगा।

आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, चुनाव अधिसूचना छह अप्रैल को जारी की जाएगी, जबकि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 11 अप्रैल है।

नामांकन पत्रों की जांच 13 अप्रैल को होगी और उम्मीदवार 15 अप्रैल तक अपने नामांकन पत्र वापस ले सकते हैं।

मतदान 26 अप्रैल को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगा। मतगणना 28 अप्रैल को होगी।

आयोग के मुताबिक, चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए राज्य भर में 49,591 मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जिनमें प्रत्येक बूथ पर अधिकतम 1,200 मतदाता मतदान कर सकेंगे। लगभग 11,000 मतदान केंद्रों को संवेदनशील और 3,300 को अति संवेदनशील के रूप में चिन्हित किया गया है।

भाषा शफीक जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में