गुजरात: इमारत की छत पर महिला किरायेदार से दुष्कर्म करने वाला चौकीदार गिरफ्तार

Ads

गुजरात: इमारत की छत पर महिला किरायेदार से दुष्कर्म करने वाला चौकीदार गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - August 9, 2026 / 08:55 PM IST,
    Updated On - August 9, 2026 / 08:55 PM IST

अहमदाबाद, नौ अगस्त (भाषा) गुजरात के अहमदाबाद में एक आवासीय सोसाइटी की छत पर महिला किरायेदार से कथित तौर पर दुष्कर्म करने के लिए रविवार को एक चौकीदार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि इस घटना से चौकीदार को काम पर रखने वाली एजेंसी की लापरवाही सामने आई है, क्योंकि कंपनी ने शुरुआती जांच में उसकी पृष्ठभूमि की पुष्टि नहीं की थी।

पुलिस के मुताबिक, चौकीदार ने सिर्फ चार दिन पहले ही नौकरी शुरू की थी।

संयुक्त पुलिस आयुक्त (सेक्टर-1) नीरज बडगुजर ने एक प्रेस वार्ता में बताया कि मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के रहने वाले आरोपी धर्म सिंह ने महिला का गला दबाया, उससे दुष्कर्म किया और उसे छत पर बंद कर भाग गया।

उन्होंने बताया कि यह घटना शनिवार देर रात उस समय हुई, जब महिला टहलने के लिए इमारत की छत पर गई थी।

अधिकारी ने यह भी बताया कि सीसीटीवी कैमरे में चौकीदार को लिफ्ट और सीढ़ियों का इस्तेमाल कर छत पर जाते हुए देखा गया।

बडगुजर ने बताया, “सिंह ने सोसाइटी में चौकीदार के तौर पर सिर्फ चार दिन पहले ही काम करना शुरू किया था।”

उन्होंने बताया, “आरोपी ने अपना मोबाइल फोन बंद कर गिरफ्तारी से बचने की कोशिश की। पुलिस, स्थानीय अपराध शाखा और अपराध शाधा के कर्मचारियों वाली दस टीमों ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की और तलाशी अभियान चलाया, जिसके बाद सुबह करीब सात-आठ बजे हेबतपुर इलाके के पास सिंह को गिरफ्तार कर लिया।”

बडगुजर के मुताबिक, आनंदनगर इलाके की आवासीय सोसाइटी में काम पर लगने से पहले सिंह अहमदाबाद में कई कंपनियों में चौकीदार के तौर पर काम कर चुका था।

उन्होंने बताया कि जिस सिक्योरिटी एजेंसी ने सिंह को काम पर रखा था, वह शुरुआती तौर पर उसकी पृष्ठभूमि की जांच करने, उसे जरूरी प्रशिक्षण देने या उसकी बुनियादी जानकारी इकट्ठा करने में नाकाम रही।

बडगुजर ने बताया, “हम उस एजेंसी के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करेंगे।”

अधिकारी ने बताया कि सिंह पर भारतीय न्याय संहिता के तहत दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है।

भाषा जितेंद्र नरेश

नरेश