गुजरात: हजीरा इस्पात संयंत्र स्थल पर श्रमिकों का विरोध प्रदर्शन हिंसक हुआ, पुलिस ने आंसू गैस छोड़ी

Ads

गुजरात: हजीरा इस्पात संयंत्र स्थल पर श्रमिकों का विरोध प्रदर्शन हिंसक हुआ, पुलिस ने आंसू गैस छोड़ी

  •  
  • Publish Date - February 26, 2026 / 05:36 PM IST,
    Updated On - February 26, 2026 / 05:36 PM IST

सूरत, 26 फरवरी (भाषा) गुजरात में सूरत जिले के हजीरा स्थित आर्सेलर मित्तल निप्पॉन स्टील संयंत्र परियोजना स्थल पर एल एंड टी द्वारा काम पर रखे गए हजारों श्रमिकों ने वेतन वृद्धि और काम के घंटे कम करने की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को तोड़फोड़ की। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

जोन सात के पुलिस उपायुक्त शैफाली बरवाल ने बताया कि स्थिति को नियंत्रण में करने और स्थल पर सामान्य स्थिति बहाल करने के प्रयासों के तहत आंसू गैस के गोले दागने पड़े और श्रमिकों को हिरासत में लेना पड़ा।

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन जल्द ही तनाव बढ़ गया क्योंकि श्रमिकों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी।

डीसीपी ने कहा, ‘‘हमने तुरंत कार्रवाई की। हमने 20 लोगों को हिरासत में लिया है और उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हमने 35 से अधिक आंसू गैस के गोले दागे।’’

स्थल पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की कि श्रमिकों द्वारा मचाए गए उत्पात के दौरान कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। कंपनी के सूत्रों के अनुसार, एल एंड टी ने आर्सेलरमित्तल निप्पॉन स्टील संयंत्र पर लगभग 10,000 श्रमिकों को रोजगार दिया है, जिसकी क्षमता मौजूदा 90 लाख टन से बढ़ाकर 150 लाख टन की जा रही है।

उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार के विरोध प्रदर्शन की वजह पानीपत स्थित इंडियन ऑयल रिफाइनरी में कार्यरत एक कर्मचारी की गिरने से हुई मौत के बाद वहां काम पर रखे गए एल एंड टी के कर्मचारियों द्वारा किए गए इसी तरह के विरोध प्रदर्शन से संबंधित वीडियो का वायरल होना था।

एएम/एनएस ने एक बयान में कहा, ‘‘एम/एनएस इंडिया हजीरा संयंत्र परियोजना स्थल पर एल एंड टी द्वारा काम पर रखे गए कर्मचारियों का एक समूह आज अपने नियोक्ता एल एंड टी के समक्ष कुछ मांगें रखने के लिए एकत्र हुआ। एल एंड टी प्रबंधन कर्मचारियों के साथ बातचीत करके स्थिति को तेजी से संभाल रहा है। स्थानीय अधिकारी भी जमीनी स्तर पर स्थिति को संभालने में हुटे हैं।’’

बयान में कहा गया है कि फिलहाल संयंत्र में कड़ी पुलिस सुरक्षा है और स्थिति को शांत करने के लिए कर्मचारी प्रतिनिधियों से बातचीत करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

एल एंड टी ने पुलिस को एक बयान जारी करके कहा है कि गुजरात सरकार द्वारा नई श्रम संहिता की अधिसूचनाओं को लागू किए जाने पर वह इसके सभी नियमों और विनियमों का पालन करेगी।

भाषा संतोष माधव

माधव