उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में पति की हत्या के आरोप में महिला और उसके प्रेमी समेत पांच लोग गिरफ्तार

Ads

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में पति की हत्या के आरोप में महिला और उसके प्रेमी समेत पांच लोग गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - February 26, 2026 / 10:50 PM IST,
    Updated On - February 26, 2026 / 10:50 PM IST

प्रतापगढ़ (उप्र), 26 फरवरी (भाषा) प्रतापगढ़ में एक व्यक्ति की हत्या के आरोप में उसकी पत्नी सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि बाघराय थाना पुलिस ने एक सूचना के आधार पर गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे गोगौरी गांव के पास से आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने उनके कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण और कथित तौर पर अपराध में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्व) शैलेंद्र लाल ने कहा कि इस साल छह जनवरी को गोगौर गांव निवासी शेषमणि की पत्नी संगीता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके पति पर अज्ञात हमलावरों ने उस समय हमला कर दिया जब वह रात में गांव प्रधान के घर पर काम करके अपने घर लौट रहा था।

उन्होंने कहा कि राजमार्ग पर एक पुलिया के पास गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले शेषमणि की बाद में प्रयागराज के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

लाल ने कहा कि विस्तृत जांच के बाद थाना प्रभारी श्रवण कुमार और उनकी टीम ने संगीता और चार अन्य को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों में गोगौर निवासी सचिन यादव, पुवांसी के नेवाजी का पुरवा निवासी नागेश कुमार यादव, महेशगंज क्षेत्र के पनाह नगर निवासी तसलीम और एक नाबालिग शामिल हैं।

लाल ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध कथित तौर पर स्वीकार किया।

सचिन यादव ने जांचकर्ताओं को बताया कि उसका संगीता के साथ संबंध था, जिसकी जानकारी शेषमणि को हो गई थी, जिससे दंपति के बीच अक्सर झगड़े होते थे।

अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कथित तौर पर संगीता ने सचिन से “शेषमणि को रास्ते से हटाने” को कहा और उसे भरोसा दिलाया कि खर्च वह उठाएगी। उन्होंने कहा कि उसने कथित तौर पर अपने आभूषण लाकर उसे बेचकर हत्या के लिए धन जुटाने को कहा।

लाल ने कहा कि इसके बाद सचिन ने नागेश, तसलीम और अन्य के साथ कथित तौर परसाजिश रची, 20,000 रुपये अग्रिम दिए और “काम” हो जाने के बाद 50,000 रुपये देने का वादा किया।

पुलिस ने कहा कि योजना के अनुसार,छह जनवरी की रात आरोपियों ने शेषमणि पर उस समय कथित तौर पर हमला किया, जब वह काम से लौट रहा था, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

उन्होंने कहा कि सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया और जेल भेज दिया गया।

भाषा सं जफर सिम्मी

सिम्मी