गुरुग्राम:विशेष अभियान के तहत सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने के आरोप में 226 लोग हिरासत में लिए गए
गुरुग्राम:विशेष अभियान के तहत सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने के आरोप में 226 लोग हिरासत में लिए गए
गुरुग्राम, 28 मई (भाषा) गुरुग्राम पुलिस ने बृहस्पतिवार को शहर भर में अपराध पर अंकुश लगाने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाए गए एक विशेष अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने के आरोप में 226 लोगों को हिरासत में लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से चलाए गए एक विशेष अभियान के तहत बुधवार रात पूरे गुरुग्राम में यह अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान, पुलिस टीमों ने पार्कों, पार्किंग क्षेत्रों, सड़क किनारे के इलाकों और अन्य स्थानों की जांच की और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते पाए गए 226 लोगों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, सभी 226 लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर शांति और व्यवस्था भंग करने के आरोप में हिरासत में लिया गया और उनके खिलाफ आवश्यक निवारक कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) करण गोयल ने कहा कि गुरुग्राम पुलिस शहर में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
डीसीपी ने कहा कि गुंडागर्दी, सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और सार्वजनिक व्यवस्था भंग करने वाले कृत्यों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में भी इसी तरह के जांच अभियान जारी रहेंगे।
गुरुग्राम पुलिस ने निवासियों से यह सुनिश्चित करने की अपील की कि सार्वजनिक स्थान नशे के अड्डे ना बनने पाएं।
भाषा संतोष नरेश
नरेश

Facebook


