गुरुग्राम: वाहन आगे निकालने को लेकर हुए विवाद में दंपति से मारपीट, गाड़ी का शीशा तोड़ा
गुरुग्राम: वाहन आगे निकालने को लेकर हुए विवाद में दंपति से मारपीट, गाड़ी का शीशा तोड़ा
गुरुग्राम, 10 जून (भाषा) गुरुग्राम में एक महिला डॉक्टर और उनके पति से गाली-गलौज करने और उनकी गाड़ी को नुकसान पहुंचाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
डॉक्टर के अधिवक्ता सुरेश दत्त कौशिक ने आरोप लगाया कि पुलिस ने मामले की ठीक से जांच नहीं की और मामले की संपत्ति जब्त किए बिना ही दो घंटे के भीतर आरोपी को जमानत दे दी।
उन्होंने कहा, ‘‘हम पुलिस आयुक्त के पास शिकायत दर्ज कराएंगे।’’
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को महिला डॉक्टर ने सदर थाने में शिकायत दर्ज कराई जिसमें उन्होंने कहा कि एक काली टोयोटा कार में सवार दो लोगों ने उनसे और उनके पति से गाली-गलौज की, उनकी गाड़ी का शीशा तोड़ा और जान से मारने की धमकी दी।
डॉक्टर ने अपनी शिकायत में कहा, ‘‘हम बहुत डरे हुए थे। जब हमने आरोपियों का वीडियो बनाना शुरू किया, तो वे अपनी कार लेकर भाग गए।’’
शिकायत के आधार पर सदर थाने में मामला दर्ज किया गया। जांच के बाद बुधवार को गुरुग्राम के सेक्टर 47 स्थित मालिबू टाउन निवासी पारस ठाकरान को गिरफ्तार कर लिया गया।
गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता ने बताया, ‘‘पूछताछ में सामने आया कि एक मोड़ पर वाहन आगे निकालने के दौरान शिकायतकर्ता और आरोपी के बीच बहसबाजी हो गई, जिसके बाद आरोपी ने यह कथित घटना को अंजाम दिया। कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी और जांच जारी है।’’
भाषा
खारी रंजन
रंजन

Facebook


