गुरुग्राम: विदेश में रह रहे गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और दीपक नंदल से जुड़े सात लोग गिरफ्तार
गुरुग्राम: विदेश में रह रहे गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और दीपक नंदल से जुड़े सात लोग गिरफ्तार
गुरुग्राम, 12 अगस्त (भाषा) गुरुग्राम पुलिस ने विदेश में रह रहे अपराधियों हिमांशु भाऊ, दीपक नंदल और उसकी पत्नी मीनाक्षी से कथित रूप से जुड़े सात लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में से एक दिल्ली के चांदनी चौक में कथित तौर पर हवाला कारोबार चलाता था। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के पास से चार पिस्तौल, 18 कारतूस, छह मोबाइल फोन और एक विशेष प्रकार का ‘आधा करेंसी नोट’ बरामद किया है, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर हवाला लेनदेन में सत्यापन के लिए किया जाता था। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ करीब दो दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के रोहतक जिले के रहने वाले योगेश उर्फ कछुआ, शुभम सिक्का, संदीप हुड्डा, रोहित उर्फ शक्ति, बलविंदर उर्फ सोनू नंदल और सुरजीत तथा दिल्ली निवासी गौरव अरोड़ा के रूप में हुई है। उसने बताया कि सभी आरोपियों की उम्र 30 से 35 वर्ष के बीच है।
अपराध शाखा के सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) ललित दलाल ने बताया कि आरोपी हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में संगठित अपराध में शामिल थे। उन्होंने बताया कि आरोप है कि वे फोन पर बिल्डरों, व्यापारियों और फिल्म व संगीत उद्योग से जुड़े लोगों को धमकाते थे और उनसे बड़ी रकम की मांग करते थे।
भाषा शुभम अमित
अमित

Facebook


