गुरुग्राम : कंपनी प्रतिनिधि के अपहरण की कोशिश नाकाम, दो गिरफ्तार

गुरुग्राम : कंपनी प्रतिनिधि के अपहरण की कोशिश नाकाम, दो गिरफ्तार

गुरुग्राम : कंपनी प्रतिनिधि के अपहरण की कोशिश नाकाम, दो गिरफ्तार
Modified Date: January 22, 2026 / 08:06 pm IST
Published Date: January 22, 2026 8:06 pm IST

गुरुग्राम, 22 जनवरी (भाषा) गुरुग्राम पुलिस ने एक कंपनी प्रतिनिधि (डिलीवरी बॉय) के अपहरण की कोशिश को नाकाम करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से एक व्यक्ति, पीड़ित का दोस्त था।

उन्होंने बताया कि यह घटना बुधवार शाम करीब पांच बजे एसपीआर मार्ग पर हुई जब पीड़ित अपने सहकर्मी पंकज के साथ एक वैन से लौट रहा था तभी आरोपी जयबीर (26) और अमन (21) ने पीड़ित पर कथित तौर पर लाठियों से हमला कर दिया।

इसके बाद उन्होंने उसे अपनी कार में अगवा करने की भी कोशिश भी की लेकिन उसके सहकर्मी पंकज ने तुरंत पुलिस को फोन कर दिया।

एक अधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित को बचा लिया।

पुलिस ने बताया कि इस घटना का एक वीडियो इंटरनेट पर प्रसारित हुआ है।

इस घटना के संबंध में खेड़की दौला थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस ने बताया, ‘पूछताछ के दौरान जयबीर ने खुलासा किया कि साल 2024 में उसने अपना एक ट्रक बेचा था और उस पैसे को पीड़ित की कार में रखा था। जयबीर का आरोप है कि पीड़ित ने 6.5 लाख रुपये चुरा लिए और उसे वापस करने से इनकार कर दिया था।

इसके बाद जयबीर ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसे धमकी देने की योजना बनाई।

पुलिस ने बताया कि घटना में इस्तेमाल की गई कार जब्त कर ली गई है।

भाषा प्रचेता अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में