गुरुग्राम: वजन घटाने और मधुमेह के इलाज के लिए इंजेक्शन ले जा रहा वाहन जब्त; एक व्यक्ति गिरफ्तार
गुरुग्राम: वजन घटाने और मधुमेह के इलाज के लिए इंजेक्शन ले जा रहा वाहन जब्त; एक व्यक्ति गिरफ्तार
गुरुग्राम, 19 अप्रैल (भाषा) गुरुग्राम के डीएलएफ फेज 4 इलाके में औषधि नियंत्रण विभाग द्वारा रविवार को की गई छापेमारी के दौरान वजन घटाने एवं मधुमेह के इलाज में इस्तेमाल होने वाले हजारों इंजेक्शन की खेप ले जा रहे एक वाहन को जब्त किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
औषधि नियंत्रण विभाग के औषधि निरीक्षक अमनदीप चौहान ने बताया कि विभाग की टीम को सूचना मिली थी कि हैम्पर्ट नामक कंपनी का एक कर्मचारी अवैध रूप से इन इंजेक्शन की आपूर्ति कर रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने आरोपी मुज़म्मिल के वाहन को रोका और उसे गिरफ्तार कर लिया।
अधिकारी ने बताया कि वाहन की तलाशी के दौरान हजारों इंजेक्शन बरामद किए गए और इनकी कीमत प्रति खुराक 13,000 रुपये से 25,000 रुपये के बीच है।
उन्होंने बताया कि इन्हें दिल्ली के भागीरथ पैलेस बाजार से खरीदा गया था और इनका बिल गुरुग्राम के एक पते के नाम पर बना था।
चौहान ने कहा, “हम इंजेक्शनों की पैकेजिंग, गुणवत्ता और प्रामाणिकता की जांच कर रहे हैं। हम यह पता लगा रहे हैं कि क्या ये इंजेक्शन किसी लाइसेंस प्राप्त कंपनी के हैं या नकली हैं और बिना अनुमति के बाजार में बेचे जा रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि यदि ये नकली पाए गए तो इस मामले में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भाषा तान्या सिम्मी
सिम्मी

Facebook


