जिम संचालक हत्याकांड: लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो शूटर पुलिस मुठभेड़ में ढेर

जिम संचालक हत्याकांड: लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो शूटर पुलिस मुठभेड़ में ढेर

जिम संचालक हत्याकांड: लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो शूटर पुलिस मुठभेड़ में ढेर
Modified Date: July 5, 2026 / 01:36 pm IST
Published Date: July 5, 2026 1:36 pm IST

चंडीगढ़/नयी दिल्ली, पांच जुलाई (भाषा) हरियाणा के हांसी में जिम संचालक की हत्या के मामले में कथित रूप से शामिल लॉरेंस बिश्नोई-हैरी बॉक्सर गैंग के दो शूटर पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारे गए। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

यह संयुक्त अभियान शनिवार देर रात दिल्ली पुलिस विशेष प्रकोष्ठ और हरियाणा पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने बहादुरगढ़ में संचालित किया।

मुठभेड़ के दौरान विशेष प्रकोष्ठ के कांस्टेबल अंकित के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, दोनों शूटर प्रवेश और हिमांशु को गुप्त सूचना के आधार पर बहादुरगढ़ में घेरा गया। पुलिस टीम द्वारा रोके जाने पर दोनों ने गोलियां चलानी शुरू कर दीं जिसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बहादुरगढ़ के पुलिस उपायुक्त मयंक मिश्रा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को फोन पर बताया कि दोनों आरोपियों को शनिवार आधी रात के बाद पकड़ा गया।

मिश्रा ने बताया कि दोनों पर 11 जून को हांसी में जिम संचालक कपिल की हत्या का आरोप है।

पुलिस के मुताबिक, कपिल उस समय छह-सात लोगों के समूह को खुले मैदान में व्यायाम का प्रशिक्षण दे रहे थे, तभी बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी थी। इस वारदात का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर सार्वजनिक हुआ था।

पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि हत्या की इस वारदात को प्रवेश और हिमांशु ने अंजाम दिया था। दोनों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।

हरियाणा पुलिस ने बताया कि विश्वसनीय खुफिया सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी अत्याधुनिक हथियारों से लैस होकर बहादुरगढ़ क्षेत्र में मौजूद हैं और किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।

सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने उन्हें घेरकर गिरफ्तार करने के लिए अभियान शुरू किया।

हरियाणा पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान चार पुलिसकर्मियों की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोलियां लगीं, जिससे उनकी जान बच गई।

घायल कांस्टेबल अंकित तथा दोनों आरोपियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सिकों ने प्रवेश और हिमांशु को मृत घोषित कर दिया।

हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अजय सिंघल ने कहा कि राज्य पुलिस संगठित अपराध, गैंगस्टर नेटवर्क और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है।

उन्होंने कहा कि इस संयुक्त अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने असाधारण साहस, संयम और उच्च स्तर की पेशेवर दक्षता का परिचय देते हुए अपने दायित्व का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।

डीजीपी ने कहा कि हरियाणा पुलिस अपने जवानों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है और राज्य में कानून का राज कायम रखने के लिए भविष्य में भी अपराधियों के खिलाफ इसी तरह की निर्णायक और प्रभावी कार्रवाई जारी रखेगी।

पुलिस के मुताबिक, प्रवेश हिसार जिले के टिब्बा दानाशेर गांव से जबकि हिमांशु हिसार जिले के जाखोद खेड़ा गांव से था।

भाषा शोभना रंजन

रंजन


लेखक के बारे में