कुरुक्षेत्र, छह जून (भाषा) युवा कांग्रेस की हरियाणा इकाई के कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर शनिवार को मुख्यमंत्री आवास के घेराव की कोशिश की, जिन्हें रोकने के लिए पुलिस ने पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया।
कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दोपहर के समय मुख्यमंत्री आवास के निकट एक खाली मैदान में एकत्र होकर सभा की। इसके बाद वे कथित नीट पेपर लीक के विरोध में मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च करने लगे।
युवा कांग्रेस ने प्रधान के इस्तीफे की मांग की। साथ ही छात्रों के हितों की रक्षा के लिए पारदर्शी, निष्पक्ष और त्रुटिरहित परीक्षा प्रणाली स्थापित करने का भी आह्वान किया।
रोहतक से सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने सभा को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि प्रश्नपत्र लीक की बार-बार सामने आने वाली घटनाओं के जरिये भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार देश के युवाओं के साथ लगातार विश्वासघात कर रही है।
बाद में, उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘हमने हजारों युवा साथियों के साथ मिलकर नीट प्रश्न पत्र लीक, परीक्षा में अनियमितताओं और भर्ती प्रक्रियाओं में युवाओं के साथ हो रहे अन्याय के विरोध में मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया और सामूहिक गिरफ्तारी के लिए खुद को पेश किया।’
उन्होंने कहा, ‘हम युवाओं के लिए न्याय की इस लड़ाई को सड़क से लेकर संसद तक पूरी ताकत से लड़ेंगे। कुरुक्षेत्र के बाद, इस संघर्ष को 12 जून को पानीपत में और आगे बढ़ाया जाएगा।’
भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी जिन युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को ‘शेर’ बताते हैं, वे तब तक देशभर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन जारी रखेंगे, जब तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी केंद्रीय शिक्षा मंत्री को पद से हटा नहीं देते।
अधिकारियों के अनुसार, जब प्रदर्शनकारी बैरिकेड तक पहुंचे और उन्हें पार करने का प्रयास करने लगे, तब पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप किया, जिससे दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की हुई।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया और कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक विरोध प्रदर्शन को दबाने के उद्देश्य से पुलिस ने ‘अनावश्यक’ बल प्रयोग करते हुए लाठीचार्ज भी किया।
अधिकारियों ने बताया कि हिरासत में लिये गए नेताओं में रोहतक सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, थानेसर विधायक अशोक अरोड़ा, शाहाबाद विधायक राम करण काला, पूर्व सांसद कैलाशो सैनी, उदय भानु चिब, हरियाणा युवा कांग्रेस अध्यक्ष निशित कटारिया तथा पिहोवा विधायक मनदीप सिंह चाठा शामिल हैं।
अधिकारियों ने बताया कि नेताओं को कुछ समय के लिए हिरासत में लिया गया और कार्यपालक मजिस्ट्रेट के आदेश पर लगभग 15 मिनट बाद रिहा कर दिया गया।
पुलिस उपाधीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि एहतियात के तौर पर 20 से अधिक कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया और कुछ ही समय बाद रिहा कर दिया गया।
इससे पहले, हरियाणा युवा कांग्रेस के अध्यक्ष ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सरकार पर छात्रों के भविष्य की रक्षा करने में विफल रहने का आरोप लगाया।
भाषा राखी दिलीप
दिलीप