हिमाचल में भारी बारिश का अलर्ट: 69 सड़कें बंद, जलापूर्ति ठप

Ads

हिमाचल में भारी बारिश का अलर्ट: 69 सड़कें बंद, जलापूर्ति ठप

  •  
  • Publish Date - July 13, 2026 / 11:09 PM IST,
    Updated On - July 13, 2026 / 11:09 PM IST

शिमला, 13 जुलाई (भाषा) हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में सोमवार को हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आगामी सप्ताहांत पर राज्य के कुछ इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) के मुताबिक, लगातार हो रही भारी बारिश के कारण राज्य की 69 सड़कें बंद हो गई हैं। इनमें सबसे ज्यादा कुल्लू में 38, मंडी में 13, सिरमौर में 6, शिमला में 5, कांगड़ा में 4, ऊना में 2 और लाहौल-स्पीति में 1 सड़क शामिल है। इसके अलावा 80 पेयजल परियोजनाएं भी प्रभावित हुई हैं, जिससे जलापूर्ति ठप है।

इस साल जुलाई में अब तक सामान्य (94.5 मिमी) के मुकाबले 125 मिमी बारिश हो चुकी है, जो औसत से 32 प्रतिशत अधिक है। मानसून के इस मौसम में अब तक भूस्खलन की 25 घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, सोलन जिले के कसौली में सबसे अधिक 62 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके बाद ओलिंडा में 60 मिमी, धरमपुर में 54.6 मिमी, घमरूर में 51.6 मिमी, नांगल बांध में 48.2 मिमी, ब्राह्मणी में 42.4 मिमी और ऊना में 35.4 मिमी बारिश हुई।

इस दौरान शिमला, सुंदरनगर, भुंतर, कांगड़ा, जोत और मुरारी देवी में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ीं। वहीं बिलासपुर, नेरी, शिमला, कुफरी, हमीरपुर और ताबो में 37 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं।

लाहौल-स्पीति का कीलोंग न्यूनतम 8.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ राज्य में सबसे ठंडा रहा, जबकि नेरी में सबसे अधिक 35 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

भाषा सुमित वैभव

वैभव