जयपुर, 11 अगस्त (भाषा) दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता के चलते राजस्थान में पिछले 24 घंटे के दौरान कई स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश हुई और मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के दौरान भी कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के जयपुर केंद्र के अनुसार, कम दबाव का क्षेत्र मंगलवार को भी मध्यप्रदेश के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों के ऊपर बना हुआ है।
इसने कहा कि मानसून की ‘ट्रफ लाइन’ भी मंगलवार को बीकानेर और कम दबाव के क्षेत्र से होकर गुजर रही है जिसके प्रभाव से पिछले 24 घंटे के दौरान झालावाड़ जिले में अत्यंत भारी बारिश, जबकि बूंदी और कोटा जिलों में अति भारी बारिश दर्ज की गई।
आईएमडी ने कहा कि बांसवाड़ा और डीडवाना जिलों में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई।
इसने कहा कि इस दौरान सबसे अधिक 300 मिलीमीटर बारिश झालावाड़ जिले के सुनेल में दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को कोटा, उदयपुर, अजमेर और जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में मध्यम से लेकर कहीं-कहीं भारी और अति भारी बारिश के आसार हैं। वहीं, भरतपुर, बीकानेर और जोधपुर संभाग के कुछ हिस्सों में भी मध्यम से तेज बारिश हो सकती है।
जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में 12 अगस्त को भी मध्यम से कहीं-कहीं भारी बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर भारी तथा एक-दो स्थानों पर अति भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, 13 अगस्त से भारी बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। हालांकि, राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और पूर्वी राजस्थान में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
इसने बताया कि जोधपुर, उदयपुर और अजमेर संभाग के अधिकांश हिस्सों में 14 अगस्त से बारिश की गतिविधियों में कमी आने का अनुमान है। हालांकि, उत्तर-पश्चिमी, उत्तरी और पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में मध्यम बारिश हो सकती है।
इसी तरह 15 अगस्त से राज्य के उत्तरी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों को छोड़कर अधिकांश क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है।
भाषा पृथ्वी खारी
खारी