जम्मू में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तानी ड्रोन से गिराई गई 20 करोड़ की हेरोइन जब्त

जम्मू में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तानी ड्रोन से गिराई गई 20 करोड़ की हेरोइन जब्त

जम्मू में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तानी ड्रोन से गिराई गई 20 करोड़ की हेरोइन जब्त
Modified Date: February 14, 2026 / 11:34 am IST
Published Date: February 14, 2026 11:34 am IST

जम्मू, 14 फरवरी (भाषा) जम्मू में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर शनिवार को सीमा पार से नशीले पदार्थों की तस्करी की एक बड़ी कोशिश को नाकाम करते हुए 20 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की चार किलोग्राम से अधिक हेरोइन जब्त की गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि सीमा पार से ड्रोन के जरिए सामग्री गिराए जाने की सूचना मिली थी, जिसके बाद सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और पुलिस ने आर.एस. पुरा सेक्टर के एक सीमावर्ती गांव में एक संयुक्त अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान यह खेप बरामद की गई।

उन्होंने बताया कि इस अभियान के दौरान हेरोइन से भरे दो पैकेट मिले, जिसे जब्त कर लिया गया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और सीमा पार से तस्करी के रैकेट में शामिल लोगों की पहचान करने तथा उन्हें गिरफ्तार करने के लिए आगे की जांच शुरू कर दी है।

यह बरामदगी कठुआ जिले के सीमावर्ती इलाकों में ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से हेरोइन की तस्करी करने के आरोप में दो लोगों की गिरफ्तारी के एक दिन बाद हुई है।

पंजाब के पठानकोट निवासी जतिन और कठुआ निवासी दानिश डोगरा उर्फ ​​साजन को नगरी के पास ड्रोन से गिराई गई 150 ग्राम हेरोइन की बरामदगी के मामले में गिरफ्तार किया गया था। दोनों आरोपी वीओआईपी (वॉइस ओवर इंटरनेट प्रोटोकॉल) कॉल के जरिए पाकिस्तान स्थित एक तस्कर के संपर्क में थे।

भाषा प्रचेता सुरभि

सुरभि


लेखक के बारे में