हिमाचल पंचायत चुनाव : दोपहर एक बजे तक 44.12 प्रतिशत मतदान हुआ

हिमाचल पंचायत चुनाव : दोपहर एक बजे तक 44.12 प्रतिशत मतदान हुआ

हिमाचल पंचायत चुनाव : दोपहर एक बजे तक 44.12 प्रतिशत मतदान हुआ
Modified Date: May 26, 2026 / 03:00 pm IST
Published Date: May 26, 2026 3:00 pm IST

शिमला, 26 मई (भाषा) हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव के पहले चरण के लिए मंगलवार दोपहर एक बजे तक 44 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ और सभी जिलों में महिला मतदाताओं ने पुरूषों की तुलना में कहीं अधिक संख्या में वोट डाला। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर जिलों में लू की चेतावनी के बीच 1,293 पंचायतों के लिए मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ। अधिकारियों ने बताया कि इन सभी जिलों में वोट अपराह्न तीन बजे तक डाले जाएंगे।

राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, दोपहर एक बजे तक मतदान के पहले छह घंटों में 44.12 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। आंकड़ों से पता चलता है कि मतदान केंद्रों पर 48.72 प्रतिशत महिला मतदाता पहुंचीं, जबकि पुरुष मतदाताओं की संख्या 39.66 प्रतिशत रही।

आंकड़ों के मुताबिक, सबसे अधिक 51.12 प्रतिशत मतदान सोलन जिले में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम 37.67 प्रतिशत मतदान चंबा जिले में हुआ। अधिकारियों ने बताया कि मंडी जिले के एक वार्ड में पंचायत समिति के लिए मतदान रद्द कर दिया गया, क्योंकि मतपत्र पर एक उम्मीदवार का नाम नहीं था।

राज्य मुख्य निर्वाचन आयुक्त अनिल खाची ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘राज्य भर में मतदान शांतिपूर्ण रहा। मंडी जिले के एक वार्ड में पंचायत समिति के लिए दोबारा मतदान होगा, क्योंकि छह उम्मीदवारों में से एक का नाम मतपत्रों पर नहीं था।’’

पहले चरण में 16.5 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए पात्र हैं। ग्राम पंचायत सदस्यों, प्रधानों, उप-प्रधानों, पंचायत समिति सदस्यों और जिला परिषद सदस्यों के पदों के लिए 9,000 से अधिक उम्मीदवार मैदान में हैं।

चुनाव रंग-आधारित मतपत्रों का इस्तेमाल कर कराए जा रहे हैं। वार्ड सदस्यों के लिए सफेद, उप-प्रधान के लिए पीले, प्रधान के लिए हरे, पंचायत समिति सदस्यों के लिए गुलाबी और जिला परिषद सदस्यों के लिए नीले रंग के मतपत्र हैं।

राज्य निर्वाचन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ग्राम पंचायत सदस्य, प्रधान और उप-प्रधान पदों के परिणाम मंगलवार को ही घोषित कर दिए जाएंगे, जबकि पंचायत समिति और जिला परिषद सीटों के नतीजे 31 मई को घोषित किए जाएंगे।

तीन चरणों में कराए जा रहे इन चुनावों में कुल 50.89 लाख मतदाता 31,182 जनप्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे। इनमें 3,754 प्रधान, 3,754 उप-प्रधान, 21,654 वार्ड सदस्य, 1,769 पंचायत समिति सदस्य और 251 जिला परिषद सदस्य शामिल हैं।

अधिकारियों के मुताबिक, 10,854 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि दूसरे और तीसरे चरण का मतदान क्रमशः 28 और 30 मई को होगा।

भाषा सुभाष पारुल

पारुल


लेखक के बारे में