बजट सत्र से असम विधानसभा की आधिकारिक भाषाओं में शामिल की जाएगी हिंदी: दास
बजट सत्र से असम विधानसभा की आधिकारिक भाषाओं में शामिल की जाएगी हिंदी: दास
गुवाहाटी, पांच जुलाई (भाषा) असम विधानसभा के अध्यक्ष रंजीत कुमार दास ने रविवार को कहा कि सोमवार से शुरू हो रहे बजट सत्र से असमिया, अंग्रेजी और बोडो के साथ हिंदी भी सदन की आधिकारिक भाषा होगी।
दास ने रविवार को यहां पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि यह फैसला एक दिन पहले हुई सामान्य प्रयोजन समिति की बैठक में लिया गया।
उन्होंने कहा, “शनिवार को बैठक हुई थी। इसमें तय किया गया कि असमिया, अंग्रेजी और बोडो के साथ हिंदी भी विधानसभा की आधिकारिक भाषा होगी।”
अध्यक्ष ने कहा, “हिंदी राष्ट्रभाषा है। सम्मान के तौर पर हमने उसे विधानसभा में आधिकारिक भाषा बनाने का फैसला किया है।”
दास ने यह भी बताया कि समिति ने विधानसभा की कार्यवाही का प्रसारण करने वाले ‘एएलए टीवी’ का नाम बदलकर ‘असम विधानसभा टीवी’ करने का भी फैसला किया है।
इस बीच, मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने इस अटकल को खारिज कर दिया कि विधानसभा में बोडो को आधिकारिक भाषा की सूची से हटाया जाएगा।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें बताया है कि विधानसभा में बोडो भाषा का इस्तेमाल बंद करने का कोई प्रस्ताव नहीं है।
शर्मा ने कहा कि बोडो भाषा असम की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पहचान का अभिन्न हिस्सा है।
उन्होंने कहा, “यह भाषा बोडो समुदाय के इतिहास, परंपराओं और आकांक्षाओं को अपने साथ लेकर चलती है और हमारे राज्य की विविधता को और समृद्ध बनाती है।”
भाषा जोहेब नरेश
नरेश

Facebook


