ओडिशा में मकान सूचीकरण गणना आरंभ, एक लाख से अधिक प्रगणक इस काम में लगाये गये
ओडिशा में मकान सूचीकरण गणना आरंभ, एक लाख से अधिक प्रगणक इस काम में लगाये गये
भुवनेश्वर, 16 अप्रैल (भाषा) ओडिशा के सभी 30 जिलों में बृहस्पतिवार को जनगणना के पहले चरण के तहत मकान सूचीकरण अभियान (एचएलओ) शुरू हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह अभियान 15 मई तक चलेगा।
जनगणना अभियान निदेशालय (ओडिशा) के एक अधिकारी ने कहा कि एक महीने के इस अभियान में एक लाख से अधिक प्रशिक्षित प्रगणकों और 17,000 से अधिक पर्यवेक्षकों को लगाया गया है।
उन्होंने कहा कि इन प्रशिक्षित प्रगणकों ने इलाके में घरों की गणना संबंधी मानचित्रण के लिए अपने आवंटित क्षेत्र का दौरा करना शुरू कर दिया है।
उन्होंने कहा कि अपने क्षेत्र में मौजूद घरों की गिनती के बाद, प्रगणक घर-घर जाएंगे और एक मोबाइल ऐप के माध्यम से घर सूचीकरण और आवास गणना कार्यक्रम के लिए डेटा एकत्र करेंगे।
उन्होंने कहा कि वे आवासीय, गैर-आवासीय, जेल, मॉल आदि समेत प्रत्येक मकान के मुखिया से गृह मंत्रालय द्वारा तैयार किए गए 33 प्रश्न पूछेंगे।
अधिकारी ने कहा कि जिलाधिकारी और नगर निगम आयुक्त प्रधान जनगणना अधिकारी के रूप में कार्य कर रहे हैं, जबकि अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (एडीएम) जिला जनगणना अधिकारी का दायित्व संभाल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक शहरी स्थानीय निकाय के कार्यकारी अधिकारियों और तहसीलदारों को प्रभारी अधिकारी नामित किया गया है।
जनगणना के तहत नागरिकों के लिए एक से 15 अप्रैल तक एक ऑनलाइन मंच पर स्व-गणना का प्रावधान उपलब्ध कराया गया है।
ओडिशा में जनगणना अभियान के निदेशक, निखिल पवन कल्याण ने कहा कि 2.22 लाख से अधिक परिवारों ने ऑनलाइन स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से अपना डेटा जमा किया है।
उन्होंने कहा कि मकान सूचीकरण प्रक्रिया के दौरान प्रगणकों द्वारा स्व-गणना डेटा को फिर से सत्यापित किया जाना है।
जनगणना का दूसरा चरणा यानि प्राथमिक जनसंख्या गणना चरण, नौ फरवरी से 28 फरवरी, 2027 तक किया जाना है।
भाषा
राजकुमार पवनेश
पवनेश

Facebook


