भारी बारिश के बीच दिल्ली के रोहिणी में मकान गिरा; कई लोगों के फंसे होने की आशंका
भारी बारिश के बीच दिल्ली के रोहिणी में मकान गिरा; कई लोगों के फंसे होने की आशंका
नयी दिल्ली, आठ जुलाई (भाषा) दिल्ली के रोहिणी में बुधवार शाम एक तीन मंजिला निर्माणाधीन मकान ढह गया, जिससे कई लोग मलबे में फंस गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उनके मुताबिक, पुलिस, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और अन्य आपातकालीन टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और स्थानीय लोग भी खोज एवं बचाव प्रयासों में शामिल हुए। मलबे से दो लोगों को बाहर निकाला गया है।
दिल्ली के कई इलाकों में भारी बारिश के बीच रोहिणी सेक्टर 16 में एक एमसीडी स्कूल के पास शाम 4.20 बजे इमारत ढह गई। हालांकि, अधिकारियों ने अब तक इसकी पुष्टि नहीं की है कि इस घटना का कारण खराब मौसम था या नहीं।
अग्निशमन विभाग ने अभियान में सहायता के लिए चार बचाव दल भेजे। बचावकर्मी मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने का काम कर रहे हैं।
इमारत ढहने की आवाज सुनकर आसपास लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मलबे से लोगों को निकालने का काम शुरू किया।
विशेष बचाव टीमों के पहुंचने से पहले, स्थानीय लोगों ने फंसे हुए लोगों तक पहुंचने की कोशिश में हाथों से ईंटों, कंक्रीट स्लैब और मुड़ी हुई लोहे की छड़ों को हटाना शुरू कर दिया।
कुछ निवासियों ने मलबा हटाने के लिए मानव श्रृंखला बनाई, जबकि अन्य लोग पास के घरों और निर्माण स्थलों से फावड़े और अन्य उपकरण लाए। बचाव कार्य के मद्देनजर घटनास्थल के आसपास घेराबंदी कर दी गई।
बचाव अभियान के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) द्वारा जारी एक वीडियो में दिख रहा है कि बचावकर्मी मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए ‘‘हाइड्रोलिक कटर’’ और विशेष उपकरणों का इस्तेमाल कर रहे हैं ताकि पीड़ितों को नुकसान न पहुंचे।
वीडियो में एक दमकल कर्मी मलबे में अंदर झांकता दिख रहा है जहां एक व्यक्ति फंसा हुआ है और बाहर निकलने के लिए अपना हाथ बढ़ा रहा है।
दमकल कर्मी फंसे हुए व्यक्ति को आश्वस्त करने के लिए यह कहते हुए सुना गया, ‘आप चिंता मत करिये, आपको बचा लेंगे सर।’
बचावकर्मी सावधानी से काम कर रहे हैं, और मलबे को थोड़ा- थोड़ा करके हटा रहे हैं ताकि आगे कोई दुर्घटना न हो।
भाषा नोमान
नोमान अविनाश
अविनाश

Facebook


