हावड़ा पिलखाना हत्याकांड: दिल्ली से दो आरोपी गिरफ्तार किए गए
हावड़ा पिलखाना हत्याकांड: दिल्ली से दो आरोपी गिरफ्तार किए गए
कोलकाता, पांच मार्च (भाषा) हावड़ा सिटी पुलिस ने पिलखाना हत्याकांड में बृहस्पतिवार को दिल्ली से दो लोगों को गिरफ्तार किया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
यह गिरफ्तारी जिले के गोलाबाड़ी थाना क्षेत्र में 25 फरवरी की तड़के हुई शफीक खान की गोली मारकर हत्या के आठ दिन बाद हुई।
वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हावड़ा पुलिस के गुप्तचर विभाग की टीम ने कई राज्यों में तलाशी अभियान चलाने के बाद दिल्ली के जामा मस्जिद से हारून खान और रफाकत हुसैन उर्फ रोहित को गिरफ्तार किया।
अधिकारी ने कहा, ‘‘पुख्ता खुफिया सूचनाओं के आधार पर, हमारी टीम ने जामा मस्जिद इलाके में लक्षित अभियान चलाकर दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया।’’
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों को कानूनी कार्रवाई के लिए ट्रांजिट रिमांड पर हावड़ा लाया जाएगा।
अधिकारी ने बताया कि यह मामला शफीक खान की हत्या से संबंधित है, जिनकी 25 फरवरी की सुबह तड़के पिलखाना सेकेंड लेन में हथियारबंद हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
यह घटना हावड़ा के गोलाबाड़ी थाना क्षेत्र में हुई और पास के सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई।
गोलाबाड़ी थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
भाषा खारी नरेश
नरेश

Facebook


