दिल्ली विश्वविद्यालय के गार्गी कॉलेज में छात्र परिषद चुनाव के दौरान भारी हंगामा
दिल्ली विश्वविद्यालय के गार्गी कॉलेज में छात्र परिषद चुनाव के दौरान भारी हंगामा
नयी दिल्ली, 17 अप्रैल (भाषा) दिल्ली विश्वविद्यालय के गार्गी कॉलेज में शुक्रवार को छात्र परिषद चुनाव के दौरान भारी हंगामा हुआ। इस दौरान प्रतिद्वंद्वी समूहों ने एक-दूसरे पर दुर्व्यवहार, डराने-धमकाने और मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने के प्रयास के आरोप लगाए।
गार्गी कॉलेज में हंगामे के कई वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे हैं, जिनमें से एक में अध्यक्ष पद की उम्मीदवार चुनाव प्रक्रिया के दौरान परिसर में उनके साथ हुए दुर्व्यवहार का आरोप लगाती दिख रही हैं।
वीडियो में उम्मीदवार ने दावा किया कि उनकी राजनीतिक संबद्धता का पता चलने के बाद शिक्षकों ने उनके साथ ‘‘अमर्यादित व्यवहार’’ किया और उन्हें कॉलेज परिसर से धकेल कर बाहर कर दिया।
उम्मीदवार ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें उन दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने के लिए दबाव डाला गया, जिनमें छात्र चुनावों के निष्पक्ष संचालन की पुष्टि की गई थी।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने कॉलेज प्रशासन पर नामांकन वापस लेने के लिए उम्मीदवार पर दबाव डालने का आरोप लगाया है।
एबीवीपी के दिल्ली राज्य सचिव सार्थक शर्मा ने चुनाव रद्द करने और नए सिरे से चुनाव कराने की मांग की।
दूसरी ओर, स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) ने एबीवीपी कार्यकर्ताओं पर चुनावी प्रक्रिया में बाधा डालने का आरोप लगाया।
भाषा
प्रचेता खारी
खारी

Facebook


