जीती गई दो विधानसभा सीट में से एक 10 दिन में खाली कर दूंगा: शुभेंदु अधिकारी
जीती गई दो विधानसभा सीट में से एक 10 दिन में खाली कर दूंगा: शुभेंदु अधिकारी
कोलकाता, छह मई (भाषा) पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में दो सीट भवानीपुर और नंदीग्राम पर जीत दर्ज करने वाले भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को कहा कि वह 10 दिनों के भीतर इनमें से एक सीट से इस्तीफा दे देंगे।
अधिकारी ने भवानीपुर सीट पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पराजित किया जबकि नंदीग्राम सीट पर लगातार तीसरी बार जीत हासिल की।
अधिकारी ने यह भी कहा कि पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व तय करेगा कि वह कौन सी सीट बरकरार रखेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं 10 दिन के भीतर एक सीट खाली कर दूंगा। पार्टी तय करेगी कि मैं कौन सी सीट रखूंगा। भवानीपुर और नंदीग्राम के लोगों के प्रति अपनी जिम्मेदारी मैं नहीं भूलूंगा।’’
भवानीपुर को तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी का राजनीतिक गढ़ माना जाता है और सोमवार को हुई मतगणना में अधिकारी ने बनर्जी को 15000 मतों से हरा करारा झटका दिया।
पूर्वी मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करते हुए भाजपा नेता ने उनसे तुरंत विजय जुलूस नहीं निकालने और शांति बनाए रखने की अपील की।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा, ‘‘अभी विजय रैलियां नहीं निकालें। शांति और अनुशासन बनाए रखें। नौ मई के बाद अनुमति लेकर जश्न मनाएं।’’
भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने बुधवार को घोषणा की कि नयी सरकार का शपथ ग्रहण समारोह नौ मई को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा।
तृणमूल कांग्रेस शासन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं पर हुए कथित हमलों का जिक्र करते हुए अधिकारी ने कहा कि वह उन पर हुए अत्याचारों को कभी नहीं भूलेंगे। उन्होंने भरोसा दिया कि आरोपियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारी ने कहा, ‘‘मैं 2011 के ‘परिवर्तन’ का हिस्सा था, और अब मैं वास्तविक परिवर्तन का हिस्सा हूं। मैं नंदीग्राम के लोगों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करता हूं।’’
वह 2011 में तृणमूल कांग्रेस की जीत का जिक्र कर रहे थे, जब ममता बनर्जी ने राज्य में 34 साल से राज कर रहे वाम मोर्चा को सत्ता से बेदखल किया था और भारी बहुमत से सरकार में आई थीं।
अधिकारी ने नंदीग्राम के हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की और राजनीतिक हिंसा में मारे गए भाजपा कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि दी।
उन्होंने कहा, ‘‘हम इस तरह से काम करेंगे कि बंगाल में भाजपा की सरकार सौ साल तक बनी रहे।’’
उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले चुनाव में राज्य में भाजपा का मत प्रतिशत मौजूदा 46 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो जाएगा।
भाजपा नेता ने नंदीग्राम के निवासियों को बेहतर पेयजल आपूर्ति और बेहतर अस्पतालों का आश्वासन भी दिया।
भाषा धीरज पवनेश
पवनेश

Facebook


