पंजाब में भाजपा सरकार बनी तो मादक पदार्थ तस्करों को प्रदेश से बाहर किया जाएगा:मुख्यमंत्री सैनी
पंजाब में भाजपा सरकार बनी तो मादक पदार्थ तस्करों को प्रदेश से बाहर किया जाएगा:मुख्यमंत्री सैनी
चंडीगढ़, 16 अगस्त (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को कहा कि अगले साल की शुरुआत में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव के बाद अगर राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनती है तो सभी मादक पदार्थ तस्करों को पंजाब से बाहर कर दिया जाएगा।
सैनी ने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद राज्य में ईमानदार और पारदर्शी प्रशासन दिया जाएगा।
उन्होंने समाज में बढ़ते मादक पदार्थ की समस्या पर चिंता जताते हुए कहा कि नशे की लत आज समाज के सामने बड़ी चुनौती है।
उन्होंने कहा, ‘नशा केवल युवाओं के स्वास्थ्य को नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि पूरे परिवार के सपनों को भी चकनाचूर कर देता है।’
उन्होंने कहा कि पंजाब में भाजपा के सत्ता में आने के बाद मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों को राज्य से बाहर कर दिया जाएगा, साथ ही मादक पदार्थ की लत में फंसे युवाओं को इससे बाहर निकालने के लिए भी बड़े कदम उठाए जाएंगे।
रामपुरा (अमृतसर) में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए सैनी ने पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर चुनावी वादे पूरे करने में विफल रहने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान पंजाब में ईमानदार शासन देने का वादा किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि भगवंत मान सरकार पिछली कांग्रेस सरकार से भी अधिक भ्रष्ट साबित हुई है।
भाषा
शुभम संतोष
संतोष

Facebook


