सरकार अगर मंदिर के चढ़ावे की सुरक्षा नहीं कर सकती, तो वह बच्चों के भविष्य को कैसे बचाएगी : कर्रा
सरकार अगर मंदिर के चढ़ावे की सुरक्षा नहीं कर सकती, तो वह बच्चों के भविष्य को कैसे बचाएगी : कर्रा
जम्मू, पांच जुलाई (भाषा) कांग्रेस की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने रविवार को कहा कि पार्टी ने प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ अपने देशव्यापी अभियान का विस्तार केंद्र शासित प्रदेश के सभी 20 जिलों में कर दिया है और आरोप लगाया कि केंद्र सरकार छात्रों के भविष्य की रक्षा करने में विफल रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस आलाकमान ने पिछले महीने इस पहल के तहत देश भर में 28 प्रायोगिक अभियान शुरू करने की घोषणा की थी; श्रीनगर भी उन चुनिंदा जगहों में शामिल था, जहां दो जुलाई को यह अभियान शुरू किया गया था।
जम्मू के बाहरी इलाके बिश्नाह में जारी अभियान के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए कर्रा ने कहा, “यह कार्यक्रम अब जम्मू-कश्मीर के सभी 20 ज़िलों में चलाया जा रहा है।”
भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कर्रा ने कहा कि जो सरकार “मंदिरों में भक्तों के चढ़ावे की सुरक्षा नहीं कर सकती”, उससे शिक्षा और बार-बार परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक होने जैसे मुद्दों पर गंभीरता की उम्मीद नहीं की जा सकती।
उन्होंने कहा, “अगर मंदिरों में चोरी हो सकती है, तो परीक्षा के पर्चों की चोरी को हैरानी की बात कैसे माना जा सकता है?”
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के पद पर बने रहने पर सवाल उठाते हुए, जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जेकेपीसीसी) के प्रमुख ने कहा कि पार्टी ने बार-बार पूछा है कि 21 छात्रों की मौत के बावजूद उन्होंने इस्तीफ़ा क्यों नहीं दिया।
कर्रा ने कहा, “अब हमें समझ आया कि उनका ज़मीर क्यों नहीं जागा। अगर वे मंदिरों की सुरक्षा नहीं कर सकते, तो उनसे शिक्षा और बच्चों के भविष्य की सुरक्षा की उम्मीद कैसे की जा सकती है?”
उन्होंने कहा कि इस अभियान में जम्मू ज़िला कांग्रेस की ग्रामीण और शहरी दोनों इकाइयों ने हिस्सा लिया और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भी इसमें बढ़-चढ़कर भाग लिया।
भाषा प्रशांत दिलीप
दिलीप

Facebook


