टीएमसी सरकार पारदर्शी है तो महिला सांसदों को पीड़ितों से मिलने से क्यों रोका जा रहा: भाजपा नेता
टीएमसी सरकार पारदर्शी है तो महिला सांसदों को पीड़ितों से मिलने से क्यों रोका जा रहा: भाजपा नेता
कोलकाता, 24 फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ नेता वानती श्रीनिवासन ने शनिवार को सवाल किया कि यदि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार पारदर्शी है, तो महिला सांसदों को संदेशखालि में पीड़ितों से मिलने से क्यों रोका जा रहा है।
महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवासन ने उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखालि में महिलाओं के यौन शोषण के आरोपों को लेकर राज्य सरकार की आलोचना की और आरोप लगाया कि टीएमसी शासन के तहत ‘‘महिलाएं बिल्कुल भी सुरक्षित नहीं हैं।’’
उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल में महिलाएं बिल्कुल भी सुरक्षित नहीं हैं। यदि टीएमसी सरकार इतनी पारदर्शी है, तो विपक्षी महिला सांसदों को संदेशखालि में पीड़ितों से मिलने से क्यों रोका जा रहा है? वे क्या छिपाने की कोशिश कर रहे हैं?’’
भाजपा शासित राज्यों में ‘अत्याचार’ के इसी तरह के आरोप लगाए जाने उनकी पार्टी द्वारा चुप्पी साध लेने के आरोप पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए श्रीनिवासन ने कहा कि भाजपा ने कभी भी ऐसे जघन्य अपराधों में शामिल किसी को नहीं बचाया है।
उन्होंने दावा किया, ”जब भी पार्टी शासित किसी भी राज्य में ऐसी घटनाएं हुई हैं तो भाजपा ने कभी किसी को नहीं बचाया… हमारी (ऐसे अपराधों के प्रति) बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करने की नीति है… लेकिन यहां कहानी अलग है।”
भाषा अमित संतोष
संतोष

Facebook


