नयी दिल्ली, चार अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी के बाहरी जिले में एक दवा की दुकान के मालिक को गिरफ्तार कर अवैध दवा आपूर्ति नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान मोतिया खान निवासी तुषार मल्होत्रा के रूप में हुई है, जिसे दो अप्रैल को पहाड़गंज में छापेमारी के बाद गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई कोडीन सिरप और बुप्रेनोर्फिन टैबलेट सहित प्रतिबंधित दवाओं के बरामद होने के मामले में 26 मार्च को निहाल विहार पुलिस थाने में दर्ज एक प्राथमिकी के आधार पर की गई। इस सिलसिले में तीन व्यक्तियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पूछताछ के दौरान, आरोपियों में से एक ने इन दवाओं की आपूर्ति के स्रोत का खुलासा किया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस और ‘नार्कोटिक्स’ विभाग के अधिकारियों की एक संयुक्त टीम ने दवा की दुकान पर छापा मारा और कोडीन आधारित कफ सिरप और साइकोट्रॉपिक कैप्सूल जब्त किए। उसने बताया कि मल्होत्रा वैध खरीद रिकॉर्ड पेश नहीं कर सका।
एक अधिकारी ने बताया, ‘‘आरोपी के कब्जे से कुल 60 बोतल कोडीन आधारित कफ सिरप और 296 ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए गए।’’
उन्होंने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान के लिए जांच जारी है।
भाषा
राखी धीरज
धीरज