नीट प्रश्नपत्र लीक मामले के आरोपी से जुड़ी इमारत के अवैध हिस्से को बीड में ढहाया गया

नीट प्रश्नपत्र लीक मामले के आरोपी से जुड़ी इमारत के अवैध हिस्से को बीड में ढहाया गया

नीट प्रश्नपत्र लीक मामले के आरोपी से जुड़ी इमारत के अवैध हिस्से को बीड में ढहाया गया
Modified Date: June 2, 2026 / 04:28 pm IST
Published Date: June 2, 2026 4:28 pm IST

बीड, दो जून (भाषा) महाराष्ट्र के बीड शहर में नीट प्रश्न पत्र लीक मामले के मुख्य सूत्रधार एवं सेवानिवृत्त प्रोफेसर पी वी कुलकर्णी से कथित तौर पर जुड़ी एक निर्माणाधीन इमारत के अवैध हिस्से को प्रशासन के आदेश के बाद ढहा दिया गया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

बीड नगर परिषद ने स्थानीय निर्माण नियमों के उल्लंघन को लेकर शाहूनगर इलाके में स्थित इस चार मंजिला इमारत के अवैध हिस्सों को हटाने का आदेश दिया था।

लातूर के मूल निवासी और रसायन विज्ञान के विषय विशेषज्ञ कुलकर्णी, वर्षों तक नीट का प्रश्नपत्र तैयार करने वाले पैनल का हिस्सा थे। उन्हें पिछले महीने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) प्रश्नपत्र लीक के सिलसिले में पुणे से गिरफ्तार किया गया था।

नगर निकाय के मुख्य अधिकारी शैलेश फड़से ने बताया कि शाहूनगर इलाके में स्थित यह इमारत कथित तौर पर निर्धारित भवन निर्माण नियमों का उल्लंघन करती पाई गई थी।

उन्होंने कहा कि कथित अनियमितताओं का पता चलने के बाद, नगर प्रशासन ने ठेकेदार को नोटिस दिया था और निर्धारित अवधि के भीतर इमारत के अनधिकृत हिस्सों को हटाने का निर्देश दिया था।

अधिकारी ने बताया कि समय सीमा समाप्त होने के बाद प्रशासन ने सोमवार को इसे ढहाने की कार्रवाई शुरू की।

उन्होंने कहा कि नगर निकाय के अधिकारियों की देखरेख में ठेकेदार खुद ही अनधिकृत हिस्सों को ढहा रहा है।

फड़से ने कहा, ‘हमने नोटिस जारी किए थे। हमें जानकारी मिली है कि मालिक ने स्वेच्छा से अनधिकृत निर्माण को हटा दिया है। यदि भविष्य में भवन निर्माण की अनुमति के लिए कोई आवेदन जमा किया जाता है, तो मौके की मौजूदा स्थिति का भौतिक सत्यापन किया जाएगा, और नियमों का पालन होने पर ही अनुमति दी जाएगी।’

सीबीआई ने नीट-यूजी प्रश्नपत्र लीक मामले में 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रश्नपत्र लीक के आरोपों के बीच, एनटीए ने मेडिकल में दाखिले के लिए तीन मई को आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (स्नातक), या नीट-यूजी को 12 मई को रद्द कर दिया था। अब इस परीक्षा को फिर से आयोजित करने के लिये 21 जून की तारीख तय की गई है।

भाषा सुमित दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में