केरल में राजनाथ सिंह ने चुनाव प्रचार भाषण में फिल्मों, धारावाहिकों का जिक्र किया

केरल में राजनाथ सिंह ने चुनाव प्रचार भाषण में फिल्मों, धारावाहिकों का जिक्र किया

केरल में राजनाथ सिंह ने चुनाव प्रचार भाषण में फिल्मों, धारावाहिकों का जिक्र किया
Modified Date: April 1, 2026 / 11:05 pm IST
Published Date: April 1, 2026 11:05 pm IST

कोच्चि/तिरुवनंतपुरम, एक अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को केरल में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेतृत्व वाला वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और कांग्रेस के नेतृत्व वाला संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) एक ही राजनीतिक दल द्वारा पहने गए दो मुखौटे मात्र हैं, जो राज्य में प्रतिद्वंद्वी लेकिन बाकी सभी जगहों पर सहयोगी हैं।

सिंह ने कोच्चि और तिरुवनंतपुरम के क्रमशः परवूर और नेगुमंगद विधानसभा क्षेत्रों में अपने भाषणों के दौरान मलयालम फिल्मों का भी जिक्र किया, जिनमें बासिल जोसेफ की फिल्म ‘पोनमैन’ और ममूटी की प्रसिद्ध ‘ब्रह्मयुगम’ शामिल हैं।

वह चुनाव से संबंधित जनसभाओं के लिए केरल के दो निर्वाचन क्षेत्रों में पहुंचे थे।

रक्षा मंत्री ने मुकेश खन्ना अभिनीत हिंदी सुपरहीरो धारावाहिक का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह हीरो शक्तिमान का दूसरा रूप पंडित गंगाधर था, उसी तरह संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) और वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) एक समान हैं।

सिंह ने सुपरस्टार ममूटी अभिनीत फिल्म ‘ब्रह्मयुगम’ का भी जिक्र किया।

उन्होंने कहा कि केरल में सभी ने ‘ब्रह्मयुगम’ फिल्म देखी होगी और लोग सत्ययुगम की ओर रुख करेंगे, जिससे संकेत मिलता है कि भाजपा राज्य में सत्ता में आएगी।

रक्षा मंत्री ने 2020 में राज्य प्रायोजित सोने की तस्करी के संदर्भ में ‘पोनमैन’ फिल्म का जिक्र किया और दावा किया कि केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के करीबी लोग इसमें शामिल थे।

उन्होंने ‘द केरल स्टोरी’ फिल्म का भी जिक्र किया और कहा कि केरल की कहानी उस बारे में नहीं होनी चाहिए जो फिल्म में दिखाई गई है।

सिंह ने कहा, “यह विकास, प्रगति, समृद्धि और शांति के बारे में होनी चाहिए।”

केरल में विधानसभा चुनाव के लिए नौ अप्रैल को मतदान होगा।

भाषा प्रशांत जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में