‘इंडी गठबंधन’ का कोई भविष्य नहीं है: विधानसभा चुनाव रुझानों पर भाजपा

Ads

'इंडी गठबंधन' का कोई भविष्य नहीं है: विधानसभा चुनाव रुझानों पर भाजपा

  •  
  • Publish Date - May 4, 2026 / 02:56 PM IST,
    Updated On - May 4, 2026 / 02:56 PM IST

नयी दिल्ली, चार मई (भाषा) पश्चिम बंगाल और असम में आगे चल रही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को कहा कि विधानसभा चुनाव के रुझानों ने ‘इंडी ब्लॉक’ में ‘गहरी दरारें’ उजागर कर दी हैं और विपक्षी गठबंधन का कोई भविष्य नहीं है।

पार्टी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वह गठबंधन का प्रभावी नेतृत्व करने में विफल रहे हैं और मतगणना के दिन एक बार फिर अनुपस्थित हैं।

निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर मौजूद रुझानों के अनुसार, पश्चिम बंगाल में भाजपा 192 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस 94 सीटों पर आगे है।

वेबसाइट के अनुसार, भाजपा असम में भी तेजी से आगे बढ़ रही है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि चुनाव के रुझानों ने विपक्षी गठबंधन में गहरी दरारें उजागर कर दी हैं।

पूनावाला ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “इस चुनाव का सबसे बड़ा सबक यह है कि ‘इंडी’ गठबंधन पूरी तरह कमजोर पड़ गया है और खत्म हो चुका है। राहुल गांधी गठबंधन का नेतृत्व करने में विफल रहे हैं। पूरे चुनाव में यह साफ दिख गया कि राहुल गांधी ‘इंडी’ गठबंधन को संभालने में नाकाम रहे।”

उन्होंने मतगणना के दिन गांधी की अनुपस्थिति की भी आलोचना की।

पूनावाला ने कहा, “चुनाव परिणाम आज आ रहे हैं और राहुल गांधी छुट्टियां मनाने के लिए फिर से विदेश में हैं। गठबंधन के सहयोगियों के बीच कोई समन्वय नहीं था।”

उन्होंने कहा, ‘अब देश में ‘इंडी’ गठबंधन जैसी कोई चीज नहीं बची है। इसका कोई भविष्य नहीं है। ‘इंडी’ गठबंधन को श्रद्धांजलि!’

पूनावाला ने भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को दिया।

उन्होंने कहा, ‘देश में लगातार 12 वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद, नए राज्यों में भाजपा की सरकारें बन रही हैं और भाजपा का मत प्रतिशत बढ़ रहा है तथा मोदी जी की बदौलत भाजपा पर जनता का विश्वास और मजबूत हो रहा है।’

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने पार्टी को वोट देने के लिए पश्चिम बंगाल की जनता का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा, ‘जहां (श्यामा प्रसाद) मुखर्जी का जन्म हुआ, वह बंगाल हमारा है! पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा को ऐतिहासिक जनादेश देने के लिए बंगाल की जनता को हार्दिक बधाई!’

भाषा

मनीषा नरेश

नरेश